मध्य प्रदेश को लेकर राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, बोले- कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने में बिजी हैं पीएम
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफे के बाद सियासत गरमाई हुई है। सिंधिया के इस्तीफे के बाद पार्टी के कई विधायकों ने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया है जिसके बाद कमलनाथ सरकार पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। वहीं, मध्य प्रदेश के राजनीतिक हालात पर अभी तक चुप्पी साधने वाले कांग्रेस सांसद और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर पीएम मोदी पर निशाना साधा।
Recommended Video

राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के राजनीतिक हालात पर ट्वीट किया, ' जब प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश में कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने में व्यस्त थे, तब शायद सरकार ने कच्चे तेल की कीमतों में 35 फीसदी की गिरावट नहीं देखी। क्या आप देश के लोगों को कच्चे तेल की कीमतों में कटौती का लाभ देंगे और पेट्रोल के दाम 60 रु प्रति लीटर से नीचे लाएंगे। इससे सुस्त अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
इसके पहले राहुल गांधी संसद भवन परिसर में पहुंचे तो मीडियाकर्मियों ने उनसे ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफे को लेकर सवाल किया। लेकिन राहुल गांधी बिना कोई जवाब दिए आगे बढ़ गए। दरअसल, ज्योतिरादित्य सिंधिया को राहुल गांधी का करीबी माना जाता रहा है और ऐसे में सिंधिया के कांग्रेस का दामन छोड़ने के बाद हर किसी की नजरें राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर हैं।
होली के दिन (मंगलवार) ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस को झटका देते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद पार्टी के कई विधायकों ने भी इस्तीफा दे दिया। इन विधायकों के इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। भाजपा दावा कर रही है कि सरकार अल्पमत में आ गई है जबकि सीएम कमलनाथ सहित तमाम कांग्रेस नेताओं का दावा है कि सरकार को किसी तरह का खतरा नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications