'...वो सिर्फ 22 लोगों के लिए करते हैं काम', अडानी, अंबानी को लेकर राहुल गांधी का पीएम मोदी पर निशाना
लोकसभा चुनाव के छठे चरण से पहले दिल्ली के दिलशाद गार्डन में एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर से उद्योगपतियों के लिए काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने पीएम मोदी के हाल के कुछ बयानों पर चुटकी लेते हुए कहा कि कोविड के दौरान, गंगा में शव तैर रहे थे। दिल्ली में लोग अस्पतालों के बाहर मर रहे थे। लेकिन जिसे भगवान ने भेजा है वो इन सबसे बेखबर था।
दिल्ली के दिलशाद गार्डन में सुरक्षा बलों को निशाने पर लेते हुए राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना रक्षा बलों के हित के खिलाफ है और अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो इस योजना को खत्म कर दिया जाएगा।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि चुनाव आयोग ने कांग्रेस से चुनाव प्रचार के दौरान रक्षा बलों का उल्लेख नहीं करने के संबंध में अपनी 2019 की सलाह का पालन करने को कहा है। चुनाव आयोग ने कांग्रेस से 'रक्षा बलों की सामाजिक-आर्थिक संरचना के संबंध में संभावित विभाजनकारी बयान नहीं देने' के लिए कहा है।
वहीं मंच से राहुल गांधी पीएम पर सिर्फ कुछ उद्योगपतियों के लिए काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "हे भगवान, कैसा इंसान भेजा है तूने...कोविड के दौरान, गंगा में शव तैर रहे थे... दिल्ली में, लोग अस्पतालों के बाहर मर रहे थे। जिसे भगवान ने भेजा है, उसने कहा भाइयों और बहनों, अपने मोबाइल फोन की लाइट जला लो...।'
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक इंटरव्यू में अपने निजी जीवन के बारे में कई सवालों पर जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मां जीवित थीं तब तक उन्हें लगता था कि शायद उनका जन्म जैविक था और उनके निधन के बाद जब विभिन्न अनुभवों को जोड़कर देखने पर लगता है कि उन्हें भगवान ने ही भेजा है।












Click it and Unblock the Notifications