पीएम मोदी पर राहुल गांधी का हमला, कहा- 12 करोड़ रोजगार गायब, सवाल पूछो तो जवाब गायब
जीडीपी के आंकड़े जारी होने के बाद से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी देश की अर्थव्यवस्था को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार हमला बोल रहे हैं।
नई दिल्ली। जीडीपी के आंकड़े जारी होने के बाद से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी देश की अर्थव्यवस्था को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार हमला बोल रहे हैं। बीते सोमवार को अप्रैल, मई और जून 2020 के जीडीपी आंकड़े जारी किए गए थे, जिसमें देश की आर्थिक विकास दर -23.9 फीसदी रही है। इसके बाद राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा था कि पीएम मोदी की वजह से देश 6 तरह की आपदाएं झेल रहा है। अब एक बार फिर राहुल गांधी ने पीएम मोदी के 'विकास' मुद्दे को लेकर ट्वीट किया है।

Recommended Video
राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में कहा, '12 करोड़ रोजगार गायब, 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था गायब, आम नागरिक की आमदनी गायब, देश की खुशहाली और सुरक्षा गायब, सवाल पूछो तो जवाब गायब...#विकास_गायब_है।' इससे पहले राहुल गांधी ने देश में बेरोजगारी से जुड़ी एक खबर का लिंक शेयर करते हुए भी पीएम मोदी को निशाने पर लिया। राहुल गांधी ने लिखा- मोदी सरकार, रोजगार, बहाली, परीक्षा के परिणाम दो, देश के युवाओं की समस्या का समाधान दो।'

आपको बता दें कि 1996 से जबसे सरकार ने जीडीपी के तिमाही आंकड़े जारी करने शुरू किए हैं, तबसे आर्थिक विकास दर में ये अभी तक की सबसे बड़ी गिरावट है। जीडीपी में गिरावट को लेकर हाल ही में राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा था- 'भारत इस समय मोदी जनित ये आपदाएं झेल रहा है: 1- जीडीपी में ऐतिहासिक -23.9 फीसदी की गिरावट। 2- पिछले 45 साल में सबसे बड़ी बेरोजगारी। 3- बारह करोड़ लोगों की नौकरियां जाना। 4- राज्यों को उनके जीएसटी बकाए का भुगतान नहीं करना। 5- पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा दैनिक मामले। 6- हमारी सीमाओं पर बाहरी आक्रमण।'












Click it and Unblock the Notifications