राहुल गांधी ने बनाई शिवसेना से दूरी, उद्धव ठाकरे के शपथ ग्रहण समारोह में नहीं जाएंगे- सूत्र
मुंबई। महाराष्ट्र में एक महीने से जारी सियासी ड्रामे बाद शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस मिलकर सरकार बनाने जा रही हैं। मंगलवार को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को सर्वसम्मति से 'महा विकास अघाड़ी' का नेता चुना गया और वे गुरुवार शाम 6:40 बजे शिवाजी पार्क में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस बीच, खबर आ रही है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी उद्धव ठाकरे के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे।

राहुल बना सकते हैं उद्धव ठाकरे के शपथ समारोह से दूरी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ मिलकर सरकार बनाने को लेकर कांग्रेस की बातचीत के दौरान भी राहुल गांधी ने दूरी बनाए रखी। उस दौरान ऐसी खबरें भी आई थीं कि कांग्रेस की केरल इकाई ने शिवसेना के साथ मिलकर सरकार बनाने का विरोध किया था। राहुल गांधी फिलहाल, केरल की वायनाड सीट से ही सांसद हैं। दूसरी तरफ, खबर है कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को शरद पवार खुद न्योता देने आएंगे और सोनिया गांधी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल भी हो सकती हैं।

सोनिया गांधी समारोह में हो सकती हैं शामिल
दरअसल, महाराष्ट्र की राजनीति में एक महीने तक उठापटक का दौर जारी रहा। सरकार बनाने को लेकर पहले बीजेपी-शिवसेना के बीच खींचतान देखने को मिली, तो इसके बाद एनसीपी-कांग्रेस और शिवसेना के बीच बैठकों का दौर जारी रहा। कई दिनों तक शरद पवार-सोनिया गांधी की लगातार बैठक होती रही और 22 नवंबर को तीनों दल उद्धव ठाकरे को सीएम बनाने पर सहमत हुए थे। लेकिन इसके अगले ही दिन शनिवार सुबह एक बड़े राजनीतिक उलटफेर में देवेंद्र फडणवीस ने सीएम पद की शपथ ले ली।

उद्धव ठाकरे लेंगे सीएम पद की शपथ
शरद पवार की मर्जी के खिलाफ अजित पवार ने बीजेपी को समर्थन दे दिया और खुद डिप्टी सीएम बन गए। इसके बाद तीनों दल इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे जहां से फ्लोर टेस्ट के लिए बुधवार शाम 5 बजे तक का वक्त तय किया गया। वहीं, एक बार फिर राजनीतिक घटनाक्रम बदला और अजित पवार ने देवेंद्र फडणवीस को इस्तीफा सौंप दिया। फिर क्या था, देवेंद्र फडणवीस ने भी राज्यपाल के पास जाकर अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने कहा कि उनके पास बहुमत नहीं है और वे अब विपक्ष में बैठेंगे।












Click it and Unblock the Notifications