राहुल गांधी के विदेशों में भी 'अवांछनीय कारोबारियों' से संबंध, गुलाम नबी आजाद ने परिवार को भी घेरा
कांग्रेस के पूर्व नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद ने राहुल गांधी पर अबतक का सबसे बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि राहुल के विदेशों में भी अवांछनीय कारोबारियों से संबंध हैं।

कांग्रेस के पूर्व दिग्गज और डेमोक्रैटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के नेता गुलाम नबी आजाद ने राहुल गांधी और उनके पूरे परिवार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुलाम नबी आजाद ने दावा किया है कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के 'अवांछनीय कारोबारियों' से ताल्लुकात हैं और वह अनेकों उदाहरण देते सकते हैं कि वह विदेशों में भी कहां-कहां जाते हैं और किन 'अवांछनीय कारोबारियों' से मिलते हैं।

गुलाम नबीं ने राहुल और उनके परिवार के खिलाफ मोर्चा खोला
गुलाम नबी आजाद की आत्मकथा 'आजाद' का हाल ही में विमोचन हुआ है, जिसको लेकर वह अपनी पुरानी पार्टी के नेताओं के निशाने पर हैं। लेकिन, अब उन्होंने एक मलयालम न्यूज चैनल एशियानेट न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में राहुल गांधी और उनके पूरे परिवार की कलई खोलने का दावा किया है। गौरतलब है कि राहुल गांधी लगातार अमेरिकी रिसर्च कंपनी हिंडनबर्ग की एक कथित रिपोर्ट को लेकर उद्योगपति अडानी के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूरी सरकार के खिलाफ आरोप लगा रहे हैं। इस कड़ी में जो भी उनके विचारों से असहमति जताता ही उनकी पार्टी उसपर भी आरोप लगा रही है।

राहुल विदेशों में भी 'अवांछनीय कारोबारियों' से मिलते हैं- गुलाम नबी आजाद
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा के पूर्व नेता विपक्ष ने अब आरोप लगाया है कि 'उनके (राहुल गांधी) साथ ही पूरे परिवार के कारोबारियों के साथ ताल्लुकात हैं। मैं 10 उदाहरण दे सकता हूं कि वे कहां जाएंगे, यहां तक कि देश के बाहर भी, उन लोगों से मुलाकात के लिए जो कि अवांछनीय कारोबारी हैं।' शनिवार को ही कांग्रेस नेताओं ने उन लोगों के खिलाफ मोर्चा खोला था, जो कांग्रेस छोड़ चुके हैं। इनमें गुलाम नबी आजाद भी शामिल हैं।

राहुल के आरोपों पर दिया जवाब
आजाद विशेष रूप से वायनाड के पूर्व सांसद राहुल के उस ट्वीट से जुड़े सवाल का जवाब दे रहे थे, जिसमें उद्योगपति गौतम अडानी के साथ संबंध रखने का उन्होंने अन्यों के साथ आजाद पर भी आरोप लगाया था। राहुल दावा कर रहे हैं कि अडानी के जरिए 20,000 करोड़ रुपए टैक्स हेवन में छिपाए गए हैं। गुलाम नबी आजाद पांच दशक तक कांग्रेस से जुड़े रहने के बाद राहुल से मतभेद उभरने की वजह से पार्टी छोड़ी थी और अपनी नई पार्टी गठित की थी।
Recommended Video

राहुल गांधी का कोई प्रभाव नहीं है- आजाद
आजाद ने कहा है कि भारत में कोई कांग्रेस पार्टी नहीं बच गई है, सिर्फ कुछ व्यक्ति बच गए हैं। राहुल गांधी समेत कांग्रेस के मौजूदा नेतृत्व का कोई प्रभाव नहीं है। उन्होंने कहा, 'बहुत सारे लोग कहते हैं कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल का प्रभाव बढ़ गया है। मैंने महसूस किया है कि उनका कोई प्रभाव नहीं है। जब वह सूरत कोर्ट गए थे तो गुजरात का एक भी युवा या किसान उनके साथ शामिल नहीं हुआ।'
राहुल के चलते कांग्रेस छोड़ रहे हैं युवा नेता- गुलाम नबी आजाद
आजाद के मुताबिक युवा पीढ़ी कांग्रेस के नेतृत्व से 10 गुना ज्यादा निराश है, इसलिए कांग्रेस के दिग्गज एके एंटनी के बेटे अनिल ने हाल ही पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने कहा, 'अनिल का निकलना दुर्भाग्यपूर्ण है। 50 साल के कम के अधिकतर युवा नेता राहुल में नेतृत्व और दिशा की कमी के कारण कांग्रेस छोड़ चुके हैं।'












Click it and Unblock the Notifications