पुलवामा पर दिग्विजय के बयान से राहुल गांधी ने किया किनारा, कहा ये उनका व्यक्तिगत मत, VIDEO
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी दिग्विजय सिंह के बयान से इत्तेफाक नहीं रखती। बता दें कि मध्य प्रदेश के पूर्व CM रह चुके दिग्विजय ने बालाकोट सर्जिकल स्ट्राइक के कोई सबूत नहीं होने की बात कही थी।

कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी दिग्विजय सिंह के बयान से इत्तेफाक नहीं रखती। बता दें कि मध्य प्रदेश के पूर्व CM रह चुके दिग्विजय ने बालाकोट सर्जिकल स्ट्राइक के कोई सबूत नहीं होने की बात कही थी। गौरतलब है कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सोमवार को कहा था कि केंद्र झूठ के सहारे शासन कर रहा है। उनके बयान के बाद कांग्रेस पार्टी ने किनारा कर लिया था।
राहुल गांधी सेना के पराक्रम पर क्या बोले ?
राहुल ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान प्रेस वार्ता के दौरान कहा, हम दिग्विजय सिंह के निजी विचारों की कद्र नहीं करते। उनके विचार निजी हैं और इससे कांग्रेस पार्टी का विचार जाहिर नहीं होता। हम बिल्कुल स्पष्ट हैं कि सशस्त्र बल अपना काम असाधारण रूप से अच्छी तरह से करते हैं और उन्हें इसका प्रमाण देने की आवश्यकता नहीं है।
राहुल गांधी कश्मीरी पंडितों से मिले
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कश्मीरी पंडितों के मुद्दे पर भी राहुल गांधी ने जवाब दिया। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा,"मैंने कल कश्मीरी पंडितों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि उन्हें लगता है उनका अपमान किया जा रहा है और राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने मुझसे अपने मुद्दों को संसद में उठाने का अनुरोध किया।
बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर राहुल गांधी क्या बोले ?
पीएम मोदी पर बीबीसी डॉक्यूमेंट्री से जुड़े एक सवाल पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, सच्चाई हमेशा सामने आती है। प्रेस पर प्रतिबंध लगाने और लोगों के खिलाफ ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल करने से सच्चाई को सामने आने से रोका नहीं जा सकता। बता दें कि सरकार ने ट्विटर और यूट्यूब पर इस विवादित डॉक्यूमेंट्री को बैन कर दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष की सफाई
दिग्विजय सिंह के बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, हम पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि कांग्रेस पार्टी सेना के साथ खड़ी है। हम हमेशा देश के लिए काम करते रहे हैं और करते रहेंगे। हम अपनी सेना का बहुत सम्मान करते हैं। बता दें कि दिग्विजय के बयान पर घिरी कांग्रेस पार्टी ने तत्काल बयान से किनारा कर लिया था। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी कांग्रेस की तरफ से सफाई दी थी।
दिग्विजय पुलवामा और बालाकोट पर क्या बोले ?
बता दें कि सोमवार को दिग्विजय ने कहा, केंद्र की भाजपा सरकार पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक करने का दावा करती है, लेकिन इसका कोई सबूत नहीं है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जम्मू में अपने संबोधन में दिग्विजय ने कहा था, "वे (केंद्र) सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं और उनमें से कई लोगों को मार चुके हैं, लेकिन इसका कोई सबूत नहीं है।"
सीआरपीएफ जवान एयरलिफ्ट क्यों नहीं किए गए ?
दिग्विजय पुलवामा आतंकी हमले को लेकर भी पीएम मोदी पर निशाना साधते दिखे। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 के आतंकी हमले को टाला जा सकता था, सीआरपीएफ पर हमला करने वाले वाहन की ठीक से जांच की गई थी।
सिंह ने सवाल किया, "वे क्यों मारे गए? सीआरपीएफ के निदेशक ने श्रीनगर से दिल्ली तक सीआरपीएफ जवानों को एयरलिफ्ट करने की मांग की थी, लेकिन पीएम मोदी ने अनुरोध को अस्वीकार कर दिया। उन्होंने इनकार क्यों किया ?" बता दें कि पुलवामा आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 से अधिक जवानों की शहादत हुई थी।
सरकार ने पुलवामा पर संसद में जानकारी नहीं दी
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलवामा आतंकवाद का केंद्र बन गया है। बकौल दिग्विजय सिंह, "इलाके में हर कार की जांच की जाती है। उस विशेष दिन स्कॉर्पियो कार की जांच क्यों नहीं की गई ? एक वाहन गलत दिशा से आता है। इसकी जांच क्यों नहीं की गई ? वाहन चेक किया गया और जल्द ही यह सीआरपीएफ वैन से टकरा गया। सीआरपीएफ के 40 जवानों की शहादत हुई। सिंह ने कहा, "अभी तक इस घटना से जुड़ी जानकारी संसद में नहीं दी गई और न ही लोगों को इसकी जानकारी है।"
Recommended Video
पुलवामा में तीन साल पहले क्या हुआ ?
गौरतलब है कि 14 फरवरी, 2019 को कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकवादियों ने हमला किया था। इसमें 44 भारतीय जवानों की जान चली गई थी। 26 फरवरी, 2019 को पलटवार करते हुए, भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के उन्नत प्रशिक्षण शिविर को निशाना बनाया था। अगले दिन, पाकिस्तान की ओर से भी भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन भारतीय वायुसेना ने नापाक मंसूबों को विफल कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications