राहुल गांधी ने की मैसूर-दरभंगा रेल दुर्घटना की बालासोर हादसे से तुलना, कहा- कोई सबक नहीं सीखा
Mysuru-Darbhanga Train Accident: देश में एक के बाद एक ट्रेन हादसे हो रहे हैं। शुक्रवार (11 अक्टूबर) देर शाम ट्रेन संख्या 12578 मैसूर-दरभंगा एक्सप्रेस की एक मालगाड़ी से पीछे से टक्कर हो गई। जिसके बाद ट्रेन के 13 डिब्बे पलट गए। इस दुर्घटना में 19 लोग घायल हुए हैं। इस हादसे के बाद रेलवे की तरफ से मरम्मत कार्य चल रहा है।
अब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चेन्नई के पास कवारैपेट्टई रेलवे स्टेशन पर मैसूर-दरभंगा बागमती एक्सप्रेस ट्रेन और खड़ी मालगाड़ी के बीच टक्कर होने पर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है। राहुल गांधी ने इस हादसे की तुलना 300 यात्रियों की जान लेने वाले बालासोर हादसे से करते हुए कहा कि सरकार पिछली घटनाओं से सबक लेने में विफल रही है।

हादसे के बाद घटनास्थल का न्यूज एजेंसी एएनआई ने एक ड्रोन विजुअल शेयर किया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे ट्रेन पलटी हुई है और ट्रैक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रैक को दुरुस्त करने में 16 से ज्यादा घंटों का समय लग सकता है।
राहुल गांधी ने साधा केंद्र पर निशाना
इधर, राहुल गांधी ने इस ट्रेन हादसे के बाद केंद्र सरकार को घेरते हुए एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "मैसूर-दरभंगा रेल दुर्घटना बालासोर दुर्घटना की तरह ही है - एक यात्री ट्रेन एक खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई।अनेक दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जाने के बावजूद कोई सबक नहीं सीखा गया। जवाबदेही सबसे ऊपर से शुरू होती है। इस सरकार के जागने से पहले पता नहीं कितने और परिवार बर्बाद होंगे?"
बता दें कि इस हादसे में कम से कम 19 लोग घायल हुए हैं। शनिवार शाम तक ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू करने के प्रयास जारी रहेंगे। ड्रोन फुटेज में दुर्घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त डिब्बे बिखरे हुए दिखाई दिए, जिसे देखने के लिए आस-पास लोग जमा हो गए। तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने पुष्टि की कि राहत कार्य जोरों पर हैं और अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications