चीन के नए नक्शे पर राहुल गांधी ने की टिप्पणी, तो किरेन रिजिजू ने कसा 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' वाला तंज
चीन के नए नक्शे में अरुणाचल प्रदेश पर किए गए उसके दावे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बिना उनका नाम लिए जोरदार तंज कसा है और कहा है कि हमारी सशस्त्र सेना भारतीय क्षेत्र की रक्षा करने में पूरी तरह से सक्षम है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अरुणाचल प्रदेश को चीन के नए नक्शे में दिखाए जाने की घटना को 'बहुत ही गंभीर' कहा था। इसपर उन्होंने अरुणाचल प्रदेश में तवांग जिले के कामेंग सेक्टर में सुरक्षा बलों का एक वीडियो शेयर करते हुए इशारों में कांग्रेस नेता पर निशाना साधा है।

टुकड़े-टुकड़े गैंग के सदस्यों के झूठे प्रोपेगेंडा पर विश्वास न करें-रिजिजू
किरेन रिजिजू ने लिखा है, 'स्वार्थी लोगों और टुकड़े-टुकड़े गैंग के सदस्यों के झूठे प्रोपेगेंडा पर विश्वास न करें। हमारी सीमाएं बहुत ही सुरक्षित हैं और हमारी सशस्त्र सेना अपने इलाके को सुरक्षित रखने में पूरी तरह सक्षम हैं।'
'अब सीमा पर सड़कें बन रही हैं और इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो रहा है'
इस टिप्पणी के साथ उन्होंने जो वीडियो डाला है, उसमें वे सुरक्षा बलों के साथ बातचीत करते दिख रहे हैं और बैकग्राउंड में 'कर चले हम फिदा' वाला देशभक्ति गाना बज रहा है। उन्होंने आगे लिखा है, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमा पर इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास नहीं करने की कांग्रेस पार्टी की नीति को पलट दिया। अब सीमा पर सड़कें और महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर आवश्यकता के अनुसार बनाए जाते हैं।'
दरअसल, हाल में अपने लद्दाख यात्रा के दौरान भी राहुल गांधी ने दावा किया था की चीन इस केंद्र शासित प्रदेश में पहले ही हमारी जमीन ले चुका है। कांग्रेस नेता ने हर बार की तरह कहा है कि पीएम मोदी को इस मसले पर बोलना चाहिए।
नक्शे का मुद्दा बहुत ही गंभीर है-कांग्रेस
राहुल गांधी ने कहा, 'मैं सालों से कह रहा हूं कि पीएम ने जो कहा है कि लद्दाख में एक इंच भी जमीन नहीं गई है, वह एक झूठ है। पूरा लद्दाख जानता है कि चीन ने अतिक्रमण किया है। यह नक्शे का मुद्दा बहुत ही गंभीर है। उन्होंने जमीन ले ली है। पीएम को इस बारे में कुछ कहना चाहिए।'
दरअसल, कांग्रेस और बीजेपी के बीच यह जुबानी तकरार तब से शुरू हुई है, जब चीन ने कथित 'स्टैंडर्ड मैप ऑफ चाइना' के नाम पर 2023 का एक नया नक्शा जारी किया है। इस 'फर्जी' नक्शे में चीन ने भारत के अरुणाचल प्रदेश और अक्साई चिन इलाके को अपनी सीमा के अंदर दिखाया है।
भारत ने चीन की चालबाजी वाले इस कथित 'स्टैंडर्ड मैप' को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। विदेश मामलों के मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि वह पहले भी ऐसे नक्शों में इलाकों पर दावा कर चुका है और यह चीन की 'एक पुरानी आदत' है।












Click it and Unblock the Notifications