दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले के बाद भाजपा पर जमकर बरसे राघव चड्ढा
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझकर राजनीतिक बदले की भावना से विपक्षी दल के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्हें चुन-चुनकर टार्गेट कर रही है।
राघव चड्ढा ने कहा कि मैं दिल्ली हाई कोर्ट का दिल की गहराईयों से धन्यवाद करना चाहूंगा। कोर्ट ने आज महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए, न्याय की जीत और अन्याय की पराजय को सुनिश्चित किया है। निचली कोर्ट की ओर मेरे सरकारी निवास से संबंधित जो फैसला आया था, उस फैसले को दिल्ली हाई कोर्ट ने खारिज करते हुए मेरे पक्ष में, न्याय के पक्ष में फैसला दिया।

यह लड़ाई मेरे मकान को बचाने की या दुकान को बचाने की नहीं है। यह लड़ाई संविधान बचाने की है। मुझे खुशी है कि इस लड़ाई में न्याय की जीत हुई, अन्याय की हार हुई है, सत्य जीता और असत्य हारा है। शायद ही भारत के संसदीय इतिहास में ऐसा पहले कभी देखा गया हो कि एक छोटी सी पार्टी के छोटे से सांसद को प्रताड़ित किया जा रहा है।
मैंने आजतक राज्यसभा में दो बार भाषण दिया है। पहली बार जब मैं राज्यसभा में बोला तो उसके कुछ ही दिनों बात मेरे सरकारी आवास को खाली करने के लिए मुझे चिट्ठी आ गई। जब दूसरी बार मैंने राज्यसभा में भाषण दिया तो उसके बाद मुझे राज्यसभा से ही निलंबित कर दिया।
इस प्रकार का राजनीतिक द्वेष और राजनीतिक बदलाखोरी से लिए गए फैसले, शायद ही कभी राज्यसभा के इतिहास में देखने को मिलते हैं। आए दिन हम देखते हैं कि गैर भाजपा राजनीतिक दल, विपक्ष और इंडिया गठबंधन के नेताओं को चुन-चुनकर प्रताड़ित किया जा रहा है।
मैं भाजपा वालों से कहना चाहता हूं कि आप मुझे घर से निकाल सकते हैं, आप मुझे संसद से निकाल सकते हैं लेकिन आप मुझे लाखों-करोड़ों लोगों के दिलों से नहीं निकाल सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications