मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के न्यू जोवेंग गांव में रैबीज के कई मामले सामने आने के बाद कंटेनमेंट जोन घोषित
Rabies Outbreak Manipur: मणिपुर के चुराचांदपुर जिले स्थित न्यू जोवेंग गांव को रैबीज के कई मामलों की पुष्टि के बाद शुक्रवार को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने गांव के भीतर और बाहर पालतू कुत्तों और अन्य जानवरों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट धरुण कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि गांव में रैबीज के मामले स्थानीय निवासियों और जानवरों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। इसी को देखते हुए गांव में सख्त निगरानी और स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जाएगा।

क्या-क्या प्रतिबंध लागू किए गए?
-
पालतू और आवारा कुत्तों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक
-
सभी पालतू और आवारा कुत्तों का टीकाकरण अनिवार्य
-
घर-घर निगरानी, स्वास्थ्य जांच और सर्वे अभियान शुरू
-
कुत्तों की बिक्री और परिवहन पर सख्त प्रतिबंध
-
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने पालतू जानवरों की निगरानी रखें, और किसी भी संदिग्ध लक्षण की सूचना तुरंत स्थानीय अधिकारियों को दें।
भारत में रैबीज की स्थिति
'लैंसेट इंफेक्शियस डिजीज' जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, भारत में हर चार में से तीन जानवरों के काटने के मामले कुत्तों से जुड़े होते हैं। अनुमानित तौर पर हर साल देश में करीब 5,700 लोगों की मौत रैबीज के कारण होती है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील की है और कहा है कि कंटेनमेंट उपायों का सख्ती से पालन जरूरी है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।












Click it and Unblock the Notifications