Qatar Amir Al Thani कौन हैं? जिनके लिए PM मोदी ने तोड़ा प्रोटोकॉल, भारत क्यों आए? जानें कितने अरबपति?
Qatar Amir Al Thani India Visit: कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी 17 फरवरी की शाम भारत पहुंचे। खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने खुद अपना प्रोटोकॉल तोड़ते हुए (Break Protocol), कतर के अमीर शेख का स्वागत नई दिल्ली एयरपोर्ट पर किया। पीएम मोदी ने अपने कतर वाले 'भाई' को गले लगाया। साथ ही पीएम ने कहा कि अपने भाई, कतर के अमीर महामहिम शेख तमीम बिन हमद अल थानी (Tamim bin Hamad Al Thani, Amir of the State of Qatar) का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर गया।
पीएम ने यह भी कहा कि भारत में उनके सफल प्रवास की कामना करता हूं और कल हमारी मुलाकात का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। अब सवाल उठता है कि आखिर ये अमीर शेख कौन हैं और भारत दौरे पर क्यों आए हैं? उनकी संपत्ति कितनी है और उनका शाही जीवन कैसा है? चलिए, जानते हैं इस खास दौरे के पीछे की पूरी कहानी...

शेख तमीम का भारत दौरा क्यों है खास?
कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी भारत के दो दिवसीय दौरे पर आए हैं। प्रधानमंत्री मोदी खुद उन्हें एयरपोर्ट पर रिसीव करने पहुंचे, जो सामान्यतः बहुत खास मेहमानों के लिए ही किया जाता है। यह दौरा भारत और कतर के बीच मजबूत रिश्तों को और बेहतर बनाने के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
18 फरवरी, मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा और उनके सम्मान में एक भव्य भोज भी आयोजित होगा। इस दौरान उनकी मुलाकात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होगी, जहां कई अहम समझौतों पर चर्चा होगी।
Who is Tamim bin Hamad Al Thani: कौन हैं कतर के अमीर शेख तमीम?
शेख तमीम का जन्म 1980 में कतर के शाही परिवार में हुआ। उनके पिता शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी कतर के पूर्व शासक थे। 2003 में उनके बड़े भाई ने गद्दी के दावे से इनकार कर दिया, जिसके बाद शेख तमीम को उत्तराधिकारी घोषित किया गया।
उन्होंने अपनी पढ़ाई ब्रिटेन के मशहूर हैरो स्कूल और रॉयल मिलिट्री अकादमी सैंडहर्स्ट से की। 1998 में स्नातक होने के बाद वे कतर की सेना में शामिल हुए और 2003 में उत्तराधिकारी घोषित होने के बाद उन्हें कतर की सेना का डिप्टी कमांडर इन चीफ बना दिया गया। 2013 में उनके पिता ने गद्दी छोड़ दी, जिसके बाद शेख तमीम कतर के नए अमीर बने।
Tamim bin Hamad Al Thani Net Worth: शेख तमीम की कितनी संपत्ति और शाही जीवनशैली?
शेख तमीम दुनिया के सबसे अमीर शासकों में से एक हैं। उनकी निजी संपत्ति करीब $2.4 बिलियन (20,000 करोड़ रुपये) है। वहीं, उनका शाही परिवार $335 बिलियन (28 लाख करोड़ रुपये) की संपत्ति का मालिक है।
उनका घर एक सोने से सजा 100 कमरों का महल है, जिसमें 500 गाड़ियों की पार्किंग है। उनके पास एक शानदार यॉट 'कतारा' भी है, जिसकी कीमत 3,300 करोड़ रुपये बताई जाती है। इसके अलावा उनके पास खुद की प्राइवेट एयरलाइन 'Qatar Amiri Flight' भी है, जिसमें 14 प्राइवेट जेट शामिल हैं।

शेख तमीम का खेलों से जुड़ाव
शेख तमीम को खेलों का बहुत शौक है। उन्होंने 2006 में दोहा में एशियन गेम्स का सफल आयोजन किया। इसके बाद, 2022 में कतर में फीफा वर्ल्ड कप आयोजित करवाया, जिससे कतर को पूरी दुनिया में पहचान मिली।
इसके अलावा, वे फ्रांस के मशहूर फुटबॉल क्लब 'पेरिस सेंट-जर्मेन' (PSG) के मालिक हैं और हाल ही में उन्होंने पुर्तगाल के फुटबॉल क्लब SC ब्रागा में भी निवेश किया है।
Went to the airport to welcome my brother, Amir of Qatar H.H. Sheikh Tamim Bin Hamad Al Thani. Wishing him a fruitful stay in India and looking forward to our meeting tomorrow.@TamimBinHamad pic.twitter.com/seReF2N26V
— Narendra Modi (@narendramodi) February 17, 2025
Qatar India Relations: कतर और भारत के रिश्ते क्यों हैं खास?
कतर भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण देश है। वहां करीब 10 लाख भारतीय काम कर रहे हैं, जो हर साल अरबों रुपये भारत भेजते हैं। इसके अलावा, कतर भारत को LNG (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) और पेट्रोलियम उत्पाद निर्यात करने वाला सबसे बड़ा देश है।
बीते साल कतर की जेल में बंद 8 भारतीय नौसैनिकों को रिहा किया गया था, जो एक कूटनीतिक सफलता थी। पीएम मोदी ने शायद इसी आभार के रूप में प्रोटोकॉल तोड़कर शेख तमीम का खास स्वागत किया।
India-Qatar Friendship: भारत-कतर दोस्ती के नए रास्ते
पीएम मोदी और शेख तमीम की यह मुलाकात दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा और कूटनीतिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान कई बड़े समझौतों पर मुहर लग सकती है, जो भारत और कतर दोनों के लिए फायदेमंद साबित होंगे।
शेख तमीम का यह दौरा केवल एक औपचारिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत और कतर के रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications