अमृतसर में घुसपैठ कर रहा पाकिस्तानी ड्रोन ढेर, जम्मू में भी मिला संदिग्ध गुब्बारा
पंजाब पुलिस ने लोपोके इलाके में एक ड्रोन को गोली मारकर नीचे गिराया। जिसमें 5 किलो हेरोइन बरामद हुई। वहीं जम्मू में भी पुलिस को संदिग्ध गुब्बारा मिला।

पंजाब में सरहद पार से पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पाकिस्तान आए दिन कभी हथियार तो कभी ड्रग्स ड्रोन के जरिए भेजने की फिराक में रहता है, जिसकी साजिश को सीमा सुरक्षा बल (BSF) या फिर पंजाब पुलिस साजिश हर बार नाकाम कर देता है। अब एक बार फिर पंजाब के अमृतसर में पुलिस जवानों ने एक ड्रोन मार गिरा दिया। ड्रोन की तलाशी लेने के बाद उसमें 5 किलो हेरोइन बरामद की गई।
जानकारी के मुताबिक लोपोके इलाके में पुलिस ने एक ड्रोन को गोली मारकर नीचे गिराया। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को 5 किलो हेरोइन बरामद हुआ। पुलिस ने 2 संदिग्ध लोगों को भी गिरफ्तार किया, जो भागने की कोशिश कर रहे थे। बताया जा रहा है कि ड्रोन बॉर्डर पार से आया था, हालांकि तस्करों के पास नेश की खेप डिलीवरी होने से पहले ही पंजाब पुलिस ने ड्रोन को ढेर कर दिया और नशे के सौदागरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
फिलहाल पंजाब पुलिस गिरफ्तार किए गए दो लोगों से पूछताछ में जुटी हुई है, जिसके बाद खुलासा होगा कि ये ड्रोन कहां से आया था और किसने भेजा था। सूत्रों के अनुसार हेरोइन लाने वाले यह ड्रोन पाकिस्तान की तरफ से आया था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
जम्मू में मिला PIA लिखा गुब्बारा
इधर, जम्मू में पीआईए लिखा हुआ एक गुब्बारा मिला, जिसको पुलिस ने बरामद किया है। जम्मू के खौर इलाके में पुलिस को रविवार को एक प्लेन के आकार का गुब्बारा बरामद हुआ है, जिस पर PIA लिखा हुआ है। पुलिस ने गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि इस तरह के गुब्बारे इन इलाकों में मिलते हैं, जिनको लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट रहती हैं। मालूम हो कि PIA का मतलब पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (Pakistan International Airlines) होता है।












Click it and Unblock the Notifications