Marco Rubio India Visit: 4 दिनों के भारत दौरे पर अमेरिकी विदेश मंत्री, इन शहरों का करेंगे दौरा
Marco Rubio India Visit: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के माहौल में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 23 मई से भारत के चार दिन के दौरे पर आ रहे हैं। यह उनका पहला भारत दौरा होगा। इस दौरान वह कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली जाएंगे।
दौरे में ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार, रक्षा सहयोग और इंडो-पैसिफिक रणनीति जैसे बड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि यह यात्रा भारत-अमेरिका रणनीतिक रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है।

चार बड़े शहरों का करेंगे दौरा
मार्को रुबियो 23 से 26 मई तक भारत में रहेंगे। इस दौरान उनका कार्यक्रम कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली में रहेगा। नई दिल्ली में उनकी वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों के साथ कई अहम बैठकें होंगी। माना जा रहा है कि इन बैठकों में रक्षा सहयोग, व्यापार समझौते और वैश्विक सुरक्षा हालात पर विस्तार से बातचीत होगी। रुबियो का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत और अमेरिका के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं।
ऊर्जा और रक्षा पर रहेगा फोकस
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रुबियो भारत के साथ ऊर्जा सुरक्षा और रक्षा सहयोग को और आगे बढ़ाने पर जोर देंगे। दोनों देशों के बीच पहले से रक्षा साझेदारी तेजी से बढ़ रही है। इसके अलावा व्यापार और नई टेक्नोलॉजी में भी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हो सकती है। माना जा रहा है कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा और चीन से जुड़े मुद्दे भी बातचीत का हिस्सा बन सकते हैं।
ये भी पढे़ं: Iran vs America: ट्रंप की धमकी के आगे नहीं झुका ईरान! राष्ट्रपति पेजेश्कियान बोले- 'सरेंडर नहीं करेंगे'
क्वाड बैठक भी हो सकती है अहम
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रुबियो भारत में प्रस्तावित क्वाड देशों की मंत्रीस्तरीय बैठक में भी हिस्सा ले सकते हैं। क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इस मंच का मकसद इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग और सुरक्षा को मजबूत करना है। ऐसे समय में जब दुनिया में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ रहा है, क्वाड की बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।
स्वीडन से सीधे भारत आएंगे रुबियो
भारत आने से पहले रुबियो स्वीडन के हेलसिंगबॉर्ग शहर में NATO विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे। वहां वह रक्षा निवेश और सुरक्षा सहयोग पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वह स्वीडन के प्रधानमंत्री Ulf Kristersson और NATO प्रमुख Mark Rutte से भी मुलाकात करेंगे। स्वीडन दौरे के बाद वह सीधे भारत पहुंचेंगे।
ये भी पढ़ें: Xi Jinping Taiwan Warning: 'ताइवान हमारा है और रहेगा', ट्रंप के वापस लौटते ही दहाड़ा चीन
BRICS बैठक के बाद बढ़ी कूटनीतिक हलचल
हाल ही में भारत में BRICS देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक हुई थी, जिसमें ईरान और रूस के बड़े नेता भी शामिल हुए थे। अब अमेरिकी विदेश मंत्री का भारत दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि भारत इस समय दुनिया की बड़ी शक्तियों के बीच संतुलन बनाकर अपनी कूटनीतिक भूमिका मजबूत कर रहा है। ऐसे में रुबियो की यात्रा पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications