पंजाब पुलिस ने चेताया,- टिक टॉक प्रो, एंड्राइड एप्लीकेशन ना करें इंस्टॉल, चोरी हो जाएगी सारा डाटा
नई दिल्ली। पंजाब पुलिस की साइबर सेल ने नागरिकों से एंड्राइड एप्लीकेशन पैकेज (एपीके) या टिक टॉक प्रो ना डाउनलोड करने को कहा है। पुलिस ने कहा है कि अगर किसी ने टिकटॉक एप पर भारत सरकार के बैन के बाद टिकटॉक प्रो नाम से कोई एप डाउनलोड किया है तो तुरंत अनइंस्टॉल कर दें क्योंकि इससे फोन का डाटा चोरी हो सकता है। पुलिस ने इसे लोगों के फोन की सूचनाएं चोरी करने की हैकरों की कोशिश बताया है।

जनकारी के मुताबिक एक मैसेज भी भेजा जा रहा है जिसमें टिकटॉक प्रो एपीके फाइल डाउनलोड करने के लिए लिंक भी दिया जा रहा है। इसे डाउनलोड करने के बाद इसका आइकन भी ओरिजनल टिकटॉक की तरह ही सामने आता है। इंस्टाल होने के बाद जब इसे चालू करते हैं तो फिर मोबाइल में कैमरा, फोटो गैलरी, माइक व अन्य चीजों की परमिशन मांगता है। जब आप इसे सभी परमिशन दे देते हैं तो यह काम नहीं करता लेकिन इससे डाटा चोरी हो सकता है।
बता दें कि भारत ने बीते महीने चीन से संबंध रखने वाले 59 मोबाइल ऐप पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसमें लोकप्रिय टिकटॉक और यूसी ब्राउजर के अलावा वीचैट, बीगो लाइव, हैलो, लाइकी, कैम स्कैनर, वीगो वीडियो, एमआई वीडियो कॉल- शाओमी, एमआई कम्युनिटी, क्लैश ऑफ किंग्स के साथ ही ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म क्लब फैक्टरी और शीइन जैसे ऐप भी शामिल हैं। सरकार ने कहा कि ये ऐप देश की संप्रभुता, अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हानिकारक हैं. ये प्रतिबंध लद्दाख क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीनी सैनिकों के साथ मौजूदा तनावपूर्ण स्थितियों के बीच लगाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications