पंजाब कांग्रेस की कलह को दिल्ली में सुलझाने की कोशिश, कांग्रेस कमेटी के सामने पेश होंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह
नई दिल्ली, जून 22। पंजाब कांग्रेस की कलह को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह मंगलवार को दिल्ली में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) से मिलने वाले हैं। आपको बता दें कि ये वही तीन सदस्यीय पैनल है, जिसे सोनिया गांधी ने सिद्धू और कैप्टन के बीच की कलह को दूर करने के लिए गठित किया था। इस पैनल ने पंजाब के कई बड़े कांग्रेसी नेताओं से मुलाकात करने के बाद एक रिपोर्ट सोनिया गांधी को सौंपी थी, जिसके बाद ये खबरें आई थी कि सोनिया गांधी ने सिद्धू और कैप्टन को दिल्ली बुलाया है, लेकिन सिर्फ कैप्टन को ही दिल्ली आने का निमंत्रण मिला।
Recommended Video

मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में होगी मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, कैप्टन की इस पैनल के साथ मीटिंग सुबह 11 बजे हो सकती है। ये मुलाकात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में होगी। इस मीटिंग में हरीश रावत और जेपी अग्रवाल भी शामिल होंगे। आपको बता दें कि इस पैनल के सामने सिद्धू के भी पेश होने की खबरें सामने आई थी, लेकिन सिद्धू को दिल्ली नहीं बुलाया गया है। माना ये जा रहा है कि ये कमेटी दोनों नेताओं से अलग-अलग मुलाकात कर सकती है।
सिद्धू से नाराज हैं कैप्टन
आपको बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की इस मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि वो सोनिया गांधी से भी मिल सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैप्टन अमरिंदर सिंह नवजोत सिंह सिद्धू की बयानबाजी को लेकर खासे नाराज हैं। माना जा रहा है कि इसको लेकर वो हाईकमान से शिकायत भी कर सकते हैं। बता दें कि सिद्धू पिछले काफी दिनों से पंजाब सरकार के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे हैं, जो राज्य में पार्टी की छवि को खराब करने का काम कर रहा है।
राहुल गांधी भी मिले पंजाब कांग्रेस के नेताओं से
इन सबके बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को पंजाब कांग्रेस के कई बड़े नेताओं से मुलाकात की थी। इनमें अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला और फतेहगढ़ साहिब के विधायक कुलजीत सिंह नागरा सहित पंजाब के कुछ नेताओं का नाम शामिल है। राहुल गांधी मंगलवार को भी कई और नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications