Punjab Election Result: कौन हैं सिद्धू - मजीठिया को धूल चटाने वाली जीवन जोत कौर, जीती हाई प्रोफाइल सीट
नई दिल्ली। भारतीय राजनीति में पिछले 2 महीने से 5 राज्यों के चुनावों को लेकर लगातार हलचल मची हुई थी, जिसको लेकर हर राजनीतिक पार्टी अपनी सरकार बनाने का दावा पेश कर रही थी। इस दौरान जहां कई राज्यों के नतीजे अपेक्षा के अनुसार आये तो वहीं पर पंजाब विधानसभा के नतीजों में चौंका देने वाले नतीजे देखने को मिले। नवंबर 2012 में अस्तित्व में आयी आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा 2022 के चुनावी नतीजों में बड़ा उलटफेर करते हुए न सिर्फ बहुमत हासिल किया बल्कि लोगों को दिल्ली विधानसभा 2015 और 2020 के चुनावी नतीजों की याद दिला दी।

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के 2015 विधानसभा चुनावों में 70 में से 67 सीटों पर जीत हासिल की थी तो वहीं पर 2020 में उसने 62 सीटों पर परचम लहराया। इस जीत के बाद से ही दूसरी पार्टियों के लिये दिल्ली में आम आदमी पार्टी के किले को भेद पाना असंभव नजर आ रहा है। अरविंद केजरीवाल की इस पार्टी ने 2017 में भी पंजाब विधानसभा के चुनावों में हिस्सा लिया था लेकिन तब उसे सिर्फ 20 ही सीटों पर जीत मिली थी, लेकिन इस बार पार्टी ने सभी का सूपड़ा साफ करते हुए 117 में से 92 सीटों पर अकेले ही बढ़त बना ली है और सरकार बनाने की ओर दिख रही है।
और पढ़ें: राजभवन नहीं, भगत सिंह के गांव खटकर कलां में लूंगा सीएम पद की शपथ- भगवंत मान

चुनावी जंग में आप ने रचा इतिहास
इस चुनावी नतीजों के दौरान आम आदमी पार्टी ने ऐसे लोगों को टिकट दिया था जिन्हे इस चुनाव से पहले शायद ही लोग उतना जानते थे लेकिन चुनाव के दौरान जब उन्होंने हाई प्रोफाइल सीट पर जीत हासिल की तो लोगों के होश उड़ गये और वो उनके बारे में जानने की कोशिश कर रहे हैं। पंजाब में आप सरकार की बढ़त को देखते हुए जब अरविंद केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया तो उन्होंने मुख्यमंत्री चरण जीत सिंह चन्नी को भदौर से हराने वाले उम्मीदवार का लाभ सिंह उगोके के बारे में बताया कि वो एक मोबाइल रिपेयर की दुकान पर काम करने वाला आदमी है लेकिन उन्होंने उस व्यक्ति को हराया जिसकी जीत पक्की मानी जा रही थी। चन्नी ने अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिये दो सीटों से नामांकन भरा था लेकिन उसे दोनों ही सीटों पर हार का सामना करना पड़ा।
Recommended Video

हाई प्रोफाइल सीट पर सिद्धू-मजीठिया से थी जंग
आम आदमी पार्टी को ऐसी ही हाई प्रोफाइल जीत दिलाने वालों में दूसरा नाम जीवन जोत कौर का है जो अमृतसर ईस्ट की विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही थी। इस सीट को पंजाब विधानसभा चुनाव की सबसे हाई प्रोफाइल सीट माना जा रहा था क्योंकि इस पर कांग्रेस के नवजोत सिंह सिद्धू के साथ ही अकाली दल के बिक्रमजीत सिंह मजीठिया भी चुनाव लड़ रहे थे। दो बड़े नेताओं के रहते हुए जीवनजोत कौर को इस सीट पर जीत का दावेदार नहीं माना जा रहा था और कहा जा रहा था कि आम आदमी पार्टी भी इस बात से अंजान नहीं है इसीलिये उसने वहां से एक महिला को टिकट दिया है। हालांकि जब इस सीट के नतीजे आये तो सभी हैरान रह गये क्योंकि जीवन जोत कौर ने नवजोत सिंह सिद्धू और बिक्रमजीत मजीठिया दोनों को हराते हुए 6750 वोटों से जीत हासिल की।

सिद्धू-मजीठिया का किया सूपड़ा साफ
इस सीट पर जीवनजोत कौर को कुल 39.679 वोट मिले तो वहीं पर कांग्रेस के नवजोत सिंह सिद्धू 32,929 वोटों के साथ दूसरे पायदान पर काबिज रहे। शिरोमणि अकाली दल के बिक्रमजीत सिंह मजीठिया के खाते में 25,188 वोट आये और वो तीसरे पायदान पर रहे। नवजोत कौर की इस जीत के बाद जो लोग उनके बारे में नहीं जानते थे वो यह पता लगाने में जुट गये कि आखिरकार यह महिला कौन है जिसने राजनीतिक गलियारों के इतने कद्दावर नेताओं को धूल चटाने का काम किया है। क्या वो किसी राजनीतिक परिवार का हिस्सा हैं या किसी पार्टी के साथ खराब संबंधों के चलते आप का हिस्सा बनी है। इन सवालों का जब जवाब मिला तो सभी हैरान रह गये।

सामाजिक कार्यों में दो दशक से हैं सक्रिय
दरअसल जीवनजोत कौर एक समाज सेवी हैं जो पिछले दो दशक से समाज सुधार के कामों में लगी हुई हैं और अपने सामाजिक कार्यों को राजनीतिक पार्टी के जरिये बढ़ाने का विचार लेकर आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली। कौर के उन सामाजिक कार्यों की बात करें जिसने उन्हें लोगों के बीच पहचान दिलायी तो इसमें उनकी ओर से स्थापित की गई श्री हेमकुंट एजेकुशन सोसाइटी प्रमुख है। इसका काम गरीब और हाशिये पर खड़े लोगों के बच्चों को शिक्षा मुहैया कराना है तो वहीं पर स्वास्थ्य, झुग्गियों के पुनिर्वास, प्रोफेशल या स्किल आधारित शिक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई कार्यक्रमों को गरीब तबके के लोगों तक पहुंचाना है।

पैडवुमेन के नाम से हैं मशहूर
जीवनजोत कौर की पहचान पैड वुमेन के तौर पर भी की जाती है। उन्हें यह नाम तब मिला जब उन्होंने जेल में सजा भुगत रही महिला कैदियों के लिये सैनिटरी पैड मुहैया कराने का काम शुरू किया। इस दौरान उनकी एक विदेशी कंपनी के साथ डील भी हुई जिसका मुख्य काम ऐसे सैनेटरी पैड बनाना था जिसे दोबारा इस्तेमाल किया जा सके। अपने सामाजिक कार्यों के चलते जीवनजोत कौर पहले से ही आम लोगों के बीच अपनी अच्छी पकड़ बना चुकी थी इसी की वजह से उन्हें चुनाव से पहले ही अपनी जीत का पूरा भरोसा था।












Click it and Unblock the Notifications