पंजाब चुनाव में 'आप' की जीत के साथ सच हुई केजरीवाल की भविष्यवाणी, न्यूज चैनल को लिखकर किया था दावा
नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों का ऐलान गुरुवार (10 मार्च) को हुआ जहां पर भारतीय जनता पार्टी ने 4 राज्यों में अपनी सरकार बनाने का कारनामा किया है तो वहीं पर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के बाद पंजाब में भी अपना परचम लहराया और एकतरफा जीत हासिल की। पंजाब में विधानसभा की 117 सीटे हैं जिसमें बहुमत से जीत हासिल करने के लिये 59 सीटें जीतने की दरकार होती है, हालांकि आम आदमी पार्टी मौजूदा रुझानों में 90 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है, जबकि पंजाब की राजनीति के कई दिग्गज नेता जो कि बड़े नाम माने जाते हैं वो अपनी सीट बचा पाने में नाकाम रहे हैं।

इस फेहरिस्त में सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, कैप्टेन अंमरिंदर सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू का नाम भी शामिल है। आम आदमी पार्टी की इस जीत के बाद पंजाब के सीएम उम्मीदवार भगवंत सिंह मान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और दिल्ली के सीएम केजरीवाल की वो भविष्यवाणी याद दिलायी जो उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में शामिल होते हुए लिखकर की थी।

दोनों सीट से हारेंगे चरनजीत सिंह चन्नी
चुनाव नतीजों से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंचायत आजतक का हिस्सा बनने पहुंचे थे जहां पर उन्होंने पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर तीन बड़ी भविष्यवाणियां की थी। इस दौरान जब एंकर ने उनसे पूछा कि क्या वो इस बात को लिखकर दे सकते हैं तो उन्होंने अपनी बात को लिखकर दिया था। अरविंद केजरीवाल ने जो भविष्यवाणी की थी उसमें पहली भविष्यवाणी थी की क्रांगेस नेता और पंजाब के सीएम चरनजीत सिंह चन्नी दोनों सीटों से हार का सामना करेंगे। उल्लेखनीय है कि चरनजीत सिंह चन्नी ने विधानसभा चुनावों में हलका भदौड़ और चमकौर साहिब की सीट से नामांकन भरा था लेकिन नतीजों के सामने आने के बाद उन्हें दोनों ही सीटों से हार का सामना करना पड़ा है।

भगवंत मान को मिलेगी भारी जीत
अरविंद केजरीवाल ने इस दौरान दूसरी भविष्यवाणी अपनी पार्टी के सीएम उम्मीदवार भगवंत सिंह मान को लेकर की। केजरीवाल ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि भगवंत सिंह मान संगरूर की धूरी सीट से भारी मतों से जीत हासिल करेंगे। इस दौरान वो कांग्रेस के उम्मीदवार दलवीर सिंह गोल्डी को भारी मतों से हरायेंगे। नतीजे आने के बाद यह साफ देखा जा सकता है कि भगवंत सिंह मान ने 50 हजार से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की जबकि दलवीर सिंह गोल्डी दूसरे पायदान पर काबिज रहे।
बादल सरकार का कोई सदस्य नहीं जीतेगा चुनाव
केजरीवाल ने अपनी तीसरी भविष्यवाणी में कहा था कि बादल परिवार का कोई भी सदस्य एक भी सीट जीत पाने में कामयाब नहीं हो सकेगा। केजरीवाल ने दावा किया था कि पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल, अमृतसर से बिक्रमजीत मजीठिया और जलालाबाद से सुखबीर सिंह बादल को चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा और नतीजों में यह सच साबित हुआ। गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल ने यह चिट्ठी सिर्फ चैनल को ही नहीं दी बल्कि कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू को भेज भी दिया था।












Click it and Unblock the Notifications