कोविड वैक्सीन के नाम पर ठगे गए फिल्म प्रोड्यूसर और राणा दग्गुबाती के पिता सुरेश बाबू
हैदराबाद, 22 जून। दक्षिण भारतीय फिल्मों के प्रोड्यूसर सुरेश बाबू के साथ कोविड वैक्सीन के नाम पर ठगी कर ली गई। हैदराबाद में एक जालसाज ने कोविड-19 की वैक्सीन मुहैया कराने के बहाने सुरेश बाबू से एक लाख रुपये ठग लिए। मामले में प्रोड्यूसर सुरेश बाबू ने हैदराबाद के जुबली हिल्स थाने में मामला दर्ज कराया है। सुरेश बाबू तेलगु फिल्मों के प्रोड्यूसर के साथ ही अभिनेता राणा दग्गुबाती के पिता भी हैं।

31 मई 2021 को सुरेश बाबू के पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम नागार्जुन रेड्डी बताया और 500 लोगों के लिए कोरोना वायरस के टीके उपलब्ध कराने की पेशकश की। फोन करने वाले ने बताया कि इसकी कीमत एक लाख होगी।
फोन करने वाले की बात सुनकर सुरेश बाबू पैसे देने पर सहमत हो गए और नागार्जुन की पत्नी टी लक्ष्मी के खाते में 1 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पैसे मिलने के बाद बंद हुआ जवाब
यहां तक सब ठीक था लेकिन जैसे ही पैसे ट्रांसफर हुए नागार्जुन रेड्डी ने सुरेश बाबू को जवाब देना बंद कर दिया। पैसे लेने के बाद उसने टीके भी नहीं बांटे। बाद में पता चला कि पैसा ट्रांसफर होने के तुरंत बात राशि निकाल ली गई। सुरेश बाबू की तरफ से जब भी फोन मिलाया जाता हमेशा स्विच ऑफ आ रहा था। इसके बाद सुरेश बाबू को ठगी का अहसास हुआ।
इसके बाद सुरेश बाबू के स्टाफ ने सोमवार को जुबली हिल्स थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस नागार्जुन रेड्डी की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध शख्स ने और लोगों को भी इसी तरह से धोखा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications