प्रियंका गांधी नहीं लड़ेंगी लोकसभा चुनाव, रैलियों में भी नहीं बोलेंगी!
Recommended Video

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। इतना ही नहीं वो बड़ी रैलियों से भी खुद को दूर रख सकती हैं। कांग्रेस से जुड़े लोगों का कहना है कि प्रियंका खुद को लाइमलाइट और बड़ी रैलियों से दूर रख पार्टी संगठन को मजबूत करने में ही जुटी रहेंगी। इसीलिए वो रैलियों से दूर रहेंगी ताकि अपना पूरा समय कार्यकर्ताओं को दे सकें और संगठन पर काम कर सकें।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद 'चुप' ही रही हैं प्रियंका
प्रियंका गांधी इस साल जनवरी में कांग्रेस महासचिव बनाई गई थीं। इसके बाद उन्होंने अपने भाई कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ लखनऊ में बड़ा रोड शो किया। इसमें काफी भीड़ भी जुटी लेकिन माइक राहुल गांधी और दूसरे नेताओं के पास ही रहा। प्रियंका ने इस दौरान कुछ नहीं बोला। इसके बाद मीडिया से भी उनकी कोई लंबी बातचीत नहीं हुई है।

ट्विटर पर भी खामोशी, कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें
प्रियंका गांधी ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद ट्विटर पर भी अपना अकाउंट बनाया। तेजी से उनके फॉलोवर भी बढ़े लेकिन अभी तक उन्होंने एक भी ट्वीट नहीं किया है। दूसरी ओर कार्यकर्ताओं के साथ वो लगातार मुलाकात कर रही हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उनकी लगातार लंबी मुलाकातें हो रही हैं। बताया जा रहा है कि वो ना सिर्फ लोकसभा बल्कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए भी अभी से तैयारी में जुटी हैं।

लोकसभा चुनाव भी नहीं लड़ेंगी
पार्टी से जुड़े लोगों का कहना है कि प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव भी नहीं लड़ेंगी और इसकी वजह परिवार के दो सदस्यों का चुनाव में उतरना भी है। उनके भाई राहुल गांधी अमेठी और मां सोनिया गांधी रायबरेली सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। ऐसी चर्चा थी कि सोनिया गांधी का स्वास्थ्य खराब होने की वजह से प्रियंका रायबरेली से लड़ सकती हैं। बाद में बनारस से उनके चुनाव लड़ने की चर्चा चली और फिर फूलपुर से उनको लड़ाए जाने की बात कही गई। हालांकि अब माना जा रहा है कि वो चुनाव नहीं लड़ने जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications