लॉकडाउन में फंसे मजदूरों के लेकर प्रियंका बोलीं-मोदी जी भगवान के लिए इनकी मदद कीजिए
नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए तीन मई तक लॉकडाउन बढ़ाए जाने की घोषणा के बाद सोमवार को मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर अचानक से प्रवासी मजदूरों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस घटना के बाद राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति शुरू हो गई है। इसी बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार को निशाने पर लेकर पूछा है कि, आख़िर हर बार हर विपत्ति गरीबों और मजदूरों पर ही क्यों टूटती है? उन्होंने लॉकडाउन के दौरान टिकट बुकिंग पर भी सवाल खड़े किए हैं।
Recommended Video

प्रियंका गांधी ने बुधवार को ट्वीट कर लिखा कि, आख़िर हर बार हर विपत्ति गरीबों और मजदूरों पर ही क्यों टूटती है? उनकी स्थिति को ध्यान में रखकर फैसले क्यों नहीं लिए जाते? उन्हें भगवान भरोसे क्यों छोड़ दिया जाता है? लॉकडाउन के दौरान रेलवे टिकटों की बुकिंग क्यों जारी थी? स्पेशल ट्रेनों का इंतजाम क्यों नहीं किया गया? उनके पैसे खत्म हो रहे हैं, स्टॉक का राशन खत्म हो रहा है, वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं-घर गाँव जाना चाहते हैं। इसकी व्यवस्था होनी चाहिए थी।
प्रिंयका गांधी ने आगे लिखा कि, अभी भी सही प्लानिंग के साथ इनकी मदद की व्यवस्था की जा सकती है। मजदूर इस देश की रीढ़ की हड्डी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी भगवान के लिए इनकी मदद कीजिए। कांग्रेस ने मजदूरों पर बल का उपयोग किए जाने की भी आलोचना की और करुणा की अपील करते हुए कहा कि ऐसा दमन अक्षम्य है। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों और प्रशासन से आग्रह किया कि वे उन्हें उनकी गरिमा और अधिकार वापस दिलाएं। उन्होंने कहा, उन्हें रोटी दें, लाठियां न दें, यह दमन मानवता के खिलाफ अक्षम्य अपराध है।
बता दें कि, मंगलवार को लॉकडाउन खत्म होने की अफवाहों के बीच मुंबई के बांद्रा में भारी संख्या में लोगों के एकत्र होने की घटना सामने आई। लॉकडाउन खत्म होने और घर लौटने की उम्मीद में मंगलवार को मुबंई के बांद्रा में भारी संख्या में प्रवासी मजदूर जमा हो गए थे। ये सभी मजदूर अपने घर लौटना चाह रहे थे। लेकिन इस बीच वहां बढ़ती भीड़ के कारण भगदड़ मच गई और इसे नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications