Priyank Kharge: किस विवाद में फंस गए मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक, कितने गंभीर हैं आरोप?
Priyank Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे को लेकर इस वक्त कर्नाटक की राजनीति काफी गर्म है। दरअसल, पूरा विवाद एक व्यक्ति की आत्महत्या की वजह से हो रहा है, जिसने अपने सुसाइड नोट में खड़गे के करीबियों पर बहुत ही खौफनाक आरोप लगा दिए हैं। हालांकि, सुसाइड नोट में सीधे-सीधे प्रियांक खड़गे का नाम नहीं बताया जा रहा है, लेकिन बीजेपी ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रही है।
इस बीच कर्नाटक पुलिस ने बीजेपी एमएलए बसवराज मत्तीमाडू और अन्य नेताओं की हत्या की साजिश रचने के मामले में कर्नाटक के ग्रामीण विकास और पंचायती राज और आईटी मंत्री प्रियांक खड़गे के करीबी और उसके चार अन्य सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Priyank Kharge: सचिन पंचाल की आत्महत्या का क्या है पूरा मामला?
कर्नाटक के बीदर के रहने वाले सचिन पंचाल नाम के एक सिविल ठेकेदार ने एक चलती ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली है। उसने अपने सुसाइ़ड नोट में अपनी आत्महत्या के लिए राजू कपानुर को जिम्मेदार ठहराया है, जो प्रियांक खड़गे का बहुत ही खास आदमी बताया जाता है।
26 साल के पंचाल ने सुसाइड नोट में कपानुर पर एक करोड़ रुपए मांगने और उसके साथ उसके चार सहयोगियों पर इसके लिए धमकाने का भी आरोप लगाया है। फिलहाल सुसाइड केस की जांच रेलवे (GRP) पुलिस कर रही है।
Priyank Kharge: प्रियांक खड़गे के खिलाफ क्यों हो रहा है विवाद?
उसी सुसाइड नोट में सिविल कॉन्ट्रैक्टर सचिन पंचाल ने यह भी जिक्र किया है कि कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी एमएलए बसवराज मत्तीमाडू, अंडोला मठ के सिद्धलिंग स्वामी, बीजेपी नेता मणिकांत राठौड़ और चंदू पाटिल की हत्या की साजिश रची है। पुलिस ने इसी मामले में जांच के लिए पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
Priyank Kharge: बीजेपी मांग रही ही है खड़गे का इस्तीफा
बीजेपी ने इस घटना के विरोध में कलबुर्गी में खड़गे के खिलाफ प्रदर्शन किया है। पार्टी ने उनसे इस्तीफे की मांग करते हुए वहां कानून-व्यवस्था ध्वस्त होने का दावा किया है और जिले को 'रिपब्लिक ऑफ कलबुर्गी'कहकर खड़गे और कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है।
इस बीच कर्नाटक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ रविवार शाम को पंचाल के परिवार वालों से मुलाकात की। बाद में एक बयान में उन्होंने कहा, 'मंत्री प्रियांक खड़गे के दाहिने हाथ राजू से उत्पीड़ित होने के कारण आत्महत्या करने वाले बीदर के ठेकेदार पंचाल द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट से चौंकाने वाली और गंभीर जानकारी का पता चलता है कि उसने हमारे एमएलए बसवराज मट्टीमाडु, पार्टी नेता चंदू पाटिल, मणिकांठा राठौड़ और अंडोला स्वामी को मारने के लिए 'सुपारी' दी थी।'
उन्होंने इस केस की गंभीरता को देखते हुए इसे सीबीआई को सोंपने की मांग की।
Priyank Kharge: मृतक के परिजनों में दिख रहा है कांग्रेस सरकार के खिलाफ नाराजगी
विवाद बढ़ता देख बीदर जिले के प्रभारी मंत्री ईश्वर खंड्रे ने भल्की तालुक स्थित पंचाल के घर का दौरा किया। जैसे ही वन मंत्री मृतक के घर पहुंचने नाराज परिजनों ने कांग्रेस सरकार को पंचाल की मौत के लिए जिम्मेदार मानते हुए उनसे जाने को कह दिया।
हालांकि, खंड्रे ने परिजनों को समझाने की कोशिश की और भरोसा दिलाया कि पंचाल की मौत के लिए जो भी जिम्मेदार हैं,उन्हें सजा होगी। बाद में उन्होंने परिजनों को 10 लाख रुपए के मुआवजे की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि अभी गवर्नमेंट रेलवे पुलिस सुसाइड मामले की जांच कर रही है और सरकार सीआईडी से भी जांच करवाने पर विचार करेगी।
Priyank Kharge: 'चाहे अपने कपड़े फाड़ लें...या कितना भी चिल्लाएं'
वहीं प्रियांक खड़गे का कहना है कि बीजेपी बिना कोई सबूत दिखाए ठेकेदार की मौत के मामले में उनका इस्तीफा मांग रही है। उनका यह भी कहना है कि वह इस केस में सीआईडी जांच के लिए तैयार हैं। इस बीच पीटीआई के मुताबिक प्रियांक ने इस मु्द्दे पर मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से भी बात की है, लेकिन करीब 10 मिनट की इस बातचीत में क्या हुआ इसकी डिटेल नहीं मिली है।
हालांकि, प्रियांक ने भाजपा की ओर से इस्तीफे की मांग को खारिज करते हुए ये कहा है कि 'आप चाहे कितना भी चिल्लाएं या अपने कपड़े फाड़ लें, मेरे इस्तीफे का कोई सवाल ही नहीं उठता।'












Click it and Unblock the Notifications