प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेंगलुरु दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियों के बीच क्यों मच गया हड़कंप?
Prime Minister Narendra Modi Bengaluru Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को बेंगलुरु दौरे से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों में उस वक्त जबरदस्त हड़कंप मच गया, जब एक तरफ 'आर्ट ऑफ लिविंग' कार्यक्रम और HAL एयरपोर्ट को उड़ाने की फर्जी धमकी भरी कॉल आई, वहीं दूसरी ओर पीएम के संभावित काफिले के रूट के पास दो जिलेटिन स्टिक्स बरामद हुईं। लगातार सामने आई इन दो घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी और पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। पुलिस, एंटी-सबोटाज टीम और खुफिया एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई।
कार्यक्रम स्थल से 3 किलोमीटर दूर मिलीं जिलेटिन स्टिक्स
पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध विस्फोटक सामग्री वडेरहल्ली गेट के पास मुख्य सड़क से करीब 20-25 फीट दूर बरामद की गई। यह इलाका प्रधानमंत्री के काफिले के संभावित मार्ग के बेहद करीब बताया जा रहा है। ड्यूटी पर तैनात एक कांस्टेबल ने सबसे पहले संदिग्ध पैकेट देखा, जिसके बाद एंटी-सबोटाज टीम मौके पर पहुंची और दो जिलेटिन स्टिक्स को सुरक्षित तरीके से कब्जे में ले लिया।

बेंगलुरु सेंट्रल रेंज के डीआईजी एस. गिरीश ने पुष्टि की कि बरामदगी सुरक्षा जांच के दौरान हुई। उन्होंने कहा, "हम जांच कर रहे हैं कि जेलेटिन स्टिक्स सड़क किनारे किसने फेंके थे और इसके पीछे क्या मंशा थी।" मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीमों का गठन किया गया है।
Tataguni एस्टेट और NICE रोड जंक्शन के पास मिला संदिग्ध पैकेट
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह विस्फोटक सामग्री Tataguni एस्टेट के पास सड़क किनारे मिली, जो पीएम मोदी के संभावित काफिले के रूट पर स्थित था। बेंगलुरु दक्षिण जिले के एसपी आर. श्रीनिवास गौड़ा ने बताया कि स्टिक्स NICE रोड जंक्शन से करीब एक किलोमीटर दूर बरामद हुईं।
उन्होंने कहा, "ड्यूटी पर तैनात एक कांस्टेबल को एक परिसर के पास सड़क से लगभग 20-25 फीट दूर एक पैकेट मिला, जिसमें दो जिलेटिन स्टिक्स थीं। विस्तृत जानकारी के लिए आगे जांच की जा रही है।" गौड़ा ने यह भी कहा कि पुलिस अभी यह तय नहीं कर पाई है कि ये स्टिक्स जानबूझकर रखी गई थीं या किसी और वजह से वहां पहुंचीं।
सुबह आई थी धमकी भरी फर्जी कॉल
इसी बीच प्रधानमंत्री के दौरे से पहले रविवार सुबह करीब 7:30 बजे एक और घटना ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी। कोरामंगला निवासी 40 वर्षीय लोहित नामक व्यक्ति ने HAL एयरपोर्ट और 'आर्ट ऑफ लिविंग' कार्यक्रम स्थल पर धमाके की चेतावनी देते हुए फर्जी कॉल की थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि लोहित का जिलेटिन स्टिक्स मिलने की घटना से कोई सीधा संबंध नहीं है।
पहले भी कर चुका है फर्जी कॉल
जानकारी के मुताबिक, आरोपी लोहित का प्रधानमंत्री की बेंगलुरु यात्राओं के दौरान फर्जी धमकी भरे कॉल करने का पुराना रिकॉर्ड रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसे मानसिक रूप से परेशान बताया जाता है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और उसके कॉल रिकॉर्ड व गतिविधियों की जांच की जा रही है।
कग्गलीपुरा पुलिस कर रही मामले की गहन जांच
पूरे घटनाक्रम के बाद कग्गलीपुरा पुलिस ने इलाके में सुरक्षा और बढ़ा दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जिलेटिन स्टिक्स वहां कैसे पहुंचीं, क्या उन्हें किसी साजिश के तहत रखा गया था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को प्रधानमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला मानकर जांच कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications