JNU के दीक्षांत समारोह में बोले राष्ट्रपति, यहां के छात्र दुनिया में छोड़ रहे हैं छाप
JNU के दीक्षांत समारोह में क्या बोले राष्ट्रपति?
नई दिल्ली। महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बुधवार को दिल्ली की जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (Jawaharlal Nehru University) के दीक्षांत समारोह (Convocation Ceremony) में शामिल हुए। रामनाथ कोविंद ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम अटैंड किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने जेएनयू के छात्रों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यहां के छात्र पूरी दुनिया में अपनी छाप छोड़ चुके हैं।

राष्ट्रपति ने जेएनयू को इन क्षेत्रों में बताया सर्वश्रेष्ठ
रामनाथ कोविंद ने कहा कि इस यूनिवर्सिटी से जुड़े हर एक व्यक्ति ने सामाजिक विज्ञान से लेकर प्रौद्योगिकी और शैक्षणिक क्षेत्र में जो कामयाबी हासिल की हैं, मैं उनकी सराहना करता हूं। उन्होंने कहा कि यहां के शिक्षण और रिसर्च दोनों ने ही एकेडमिक्स की दुनिया पर असर छोड़ा है।
दीक्षांत समारोह का साक्षी बन हुई बहुत खुशी- रामनाथ कोविंद
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आगे कहा कि आज मेरे लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि मैं इस संस्थान के दीक्षांत समारोह का साक्षी हूं। उन्होंने कहा कि जेएनयू भारत सरकार के राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग ढांचे के तहत सभी विश्वविद्यालयों में नंबर 2 पर है। राष्ट्रपित ने कहा कि जेएनयू के छात्र कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में कदम उठा रहे हैं।
पीएम मोदी ने भी जेएनयू छात्रों को दिया था राष्ट्रवाद का मंत्र
आपको बता दें कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में स्वामी विवेकानंद की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएम मोदी ने जेएनयू के छात्रों को संबोधित किया था। इस दौरान पीएम मोदी राष्ट्रवाद की विचारधारा को मजबूत करने की कोशिश करते हुए कहा था कि वैचारिक लड़ाई से उपर हमेशा राष्ट्र हित को रखना चाहिए। पीएम मोदी का ये निशाना लेफ्ट के छात्रों पर था, क्योंकि जेएनयू में पिछले कुछ समय के अंदर विचारधारा की लड़ाई देखने को मिली है।












Click it and Unblock the Notifications