जम्मू कश्मीर और लद्दाख के दौरे पर जाएंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम
नई दिल्ली, जुलाई 24। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 25 जुलाई से लेकर 28 जुलाई तक जम्मू कश्मीर और लद्दाख के दौरे पर रहेंगे। शनिवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। जानकारी के मुताबिक, 25 जुलाई को रामनाथ कोविंद जम्मू कश्मीर पहुंचेंगे। इसके बाद 26 जुलाई को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कारगिल विजय दिवस की 22वीं वर्षगांठ पर कारगिल युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। 27 जुलाई को वह श्रीनगर में कश्मीर विश्वविद्यालय के 19वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे, जहां वो छात्रों को संबोधित करेंगे।

प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
आपको बता दें कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का जम्मू कश्मीर का दौरा सुरक्षा व्यवस्था के लिहाजसे काफी अहम होगा। केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को काफी मजबूत कर दिया गया है। एयरपोर्ट से लेकर उनके कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी प्रमुख नाकों पर चेकिंग तेज कर दी गई है। इसके साथ ही कई इलाकों में उनके दौरे को देखते हुए कुछ समय के लिए यातायात भी प्रतिबंधित किया जाएगा।
महाराष्ट्र में बारिश और बाढ़ पर राष्ट्रपति ने जताई चिंता
आपको बता दें कि रामनाथ कोविंद ने शनिवार को देश में बारिश के कारण गई लोगों की जान को लेकर चिंता जाहिर की। खासकर राष्ट्रपति ने महाराष्ट्र की स्थिति को लेकर चिंता प्रकट की। उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी से बात की और राज्य की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बारिश और बाढ़ के कारण जान-माल के नुकसान पर चिंता जताई।












Click it and Unblock the Notifications