Premanand Maharaj: मदीना से उठी प्रेमानंद जी के स्वास्थ्य के लिए दुआ, मुस्लिम युवक का वीडियो वायरल
Premanand Maharaj: वृन्दावन के जानेमाने संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर देशभर के भक्त लगातार दुआ कर रहे हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो सामने आया था जिसमें वो बेहद बीमार नजर आ रहे थे। उनके चेहरे ओर सुजन और हाथों में पट्टियां थीं। जिसके बाद से भक्त उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं और उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। लेकिन इस बार यह दुआ सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि मदीना की पवित्र धरती से भी उठी है।
प्रयागराज के युवक सुफियान इलाहाबादी ने मदीना में खड़े होकर संत प्रेमानंद महाराज के स्वस्थ होने के लिए अल्लाह से दुआं की। उन्होंने इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। उनका यह इमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसे देखकर लोग कह रहे हैं कि इंसानियत धर्म से बड़ा है। यह घटना भारत की गंगा-जमुनी तहजीब और सच्ची भाईचारे की भावना की बेहतरीन मिसाल बन गई है।

वीडियो में सुफियान ने की प्रेमानंद जी के लिए दुआ
करीब एक मिनट 20 सेकंड के इस वीडियो में सुफियान मदीना की पवित्र मस्जिद के सामने खड़े होकर दोनों हाथ उठाते हैं और कहते हैं, "हे अल्लाह, भारत के महान संत प्रेमानंद महाराज को जल्द स्वस्थ कर दे, ताकि वे अपने भक्तों का मार्गदर्शन करते रहें।" वीडियो में पीछे मदीना की मशहूर मस्जिद साफ नजर आ रहा है, जिससे वीडियो की सच्चाई की पुष्टि होती है।
मोहब्बत की इसी मिट्टी को हिंदुस्तान कहते हैं… ❤️
— Waseem Zaidi (@NewsZD) October 13, 2025
पैगंबर हज़रत मुहम्मद ﷺ के घर पहुँची प्रेमानंद महाराज के स्वस्थ होने की दुआ।
प्रयागराज के एक शख़्स ने शेयर किया ये वीडियो।#Madina | #PremanandMaharaj pic.twitter.com/ZUUhhKH8T0
ये भी पढ़ें: Premanand Maharaj Health: केलि कुंज से आया प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य पर बड़ा अपडेट, अब कैसी है तबीयत?
गंगा-यमुना की धरती से मदीना तक पहुंची दुआ
सुफियान ने वीडियो में कहा कि वह प्रयागराज की धरती से मदीना पहुंचे हैं। उन्होंने अपने फोन में संत प्रेमानंद महाराज की तस्वीर फोन में दिखाते हुए कहा, "महाराज बहुत अच्छे और सच्चे इंसान हैं, हमें पता चला है कि वो बीमार हैं, इसलिए अल्लाह से उनकी सेहतमंदी की दुआ कर रहा हूं।" उन्होंने यह भी कहा कि "हिंदू-मुसलमान से फर्क नहीं पड़ता, जरूरी यह है कि इंसान अच्छा और सच्चा हो।"
सोशल मीडिया पर तारीफों की बौछार
जैसे ही यह वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे खूब शेयर किया। फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर लोगों ने सुफियान की इस पहल को भारत की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बताया। कई यूजर्स ने लिखा कि यह वीडियो भारत की असली पहचान है, जहां इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है।
कैसा है अब प्रेमानंद महाराज का स्वास्थ्य?
बताया जा रहा है कि संत प्रेमानंद महाराज पिछले कुछ समय से किडनी की समस्या से जूझ रहे हैं। फिलहाल वे वृंदावन स्थित श्री राधेहित केलिकुंज आश्रम में हैं। उनके स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। आश्रम की ओर से जारी संदेश के अनुसार, अब उनकी तबीयत पहले से बेहतर है और वे धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications