2024 के लिए बीजेपी का विकल्प तलाश रहे पवार, PK के साथ मिलकर विपक्ष को एकजुट करने का प्लान
मुंबई, 12 जून: महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से सियासी हलचल काफी तेज हो रखी है। इस बीच चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (PK) शुक्रवार को एनसीपी चीफ शरद पवार के घर पहुंचे और तीन घंटे तक उनके साथ बातचीत की। शुरू में तो अटकलें लगाई जा रही थीं कि प्रशांत अब एनसीपी के लिए रणनीति बनाएंगे, लेकिन उन्होंने खुद इस बात को खरीज कर दिया। साथ ही मीटिंग को प्राइवेट बताते हुए कहा कि इसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है।

Recommended Video
प्रशांत किशोर शुक्रवार सुबह 11 बजे के करीब दक्षिण मुंबई स्थित पवार के घर पहुंचे। उस दौरान उनके साथ पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी मौजूद थीं। तीनों में बातचीत शुरू ही हुई थी कि एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल भी वहां पर पहुंच गए। फिर 2 बजे तक बातचीत का दौर चलता रहा। इसके बाद प्रशांत किशोर वहां से रवाना हो गए। मामले में एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा कि पवार और किशोर के बीच तीन घंटे बात हुई। इसमें उन्हें एनसीपी का रणनीतिकार बनाने पर कोई चर्चा नहीं की गई।
क्या चाहते हैं पवार?
एनसीपी नेताओं के मुताबिक पवार केंद्र में बीजेपी का विकल्प तलाश रहे हैं। साथ ही उनकी योजना है कि सभी विपक्षी पार्टियां 2024 के चुनाव से पहले एक हो जाएं, ताकी बीजेपी को हराया जा सके। इसी पर चर्चा के लिए उन्होंने प्रशांत किशोर को बुलाया था। वहीं पीके का साथ इसलिए भी एनसीपी चीफ के लिए अहम है क्योंकि जब 2014 में बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आई थी, तो उन्होंने उसमें बड़ी भूमिका निभाई थी।
पीके ने लिया संन्यास?
हाल ही में जब ममता बनर्जी बंगाल का चुनाव पूर्ण बहुमत के साथ जीतीं, तो प्रशांत किशोर ने अपने संन्यास का ऐलान कर दिया था। उन्होंने साफ कहा था कि वो अब किसी भी दल के लिए रणनीति नहीं बनाएंगे, बल्कि वो कुछ अलग सोच रहे हैं। एनसीपी नेता छगन भुजबल के मुताबिक वैसे तो उनको बैठक के एजेंडे के बारे में ज्यादा नहीं पता लेकिन वो पीके को एक सफल रणनीतिकार मानते हैं। वो जो भी सलाह देंगे एनसीपी उस पर विचार करेगी।












Click it and Unblock the Notifications