गिरफ्तार पत्रकार विनोद वर्मा ने सीडी मामले पर कहा, 'यह तो बड़े हिमपर्वत का सिर्फ एक सिरा भर है'
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के एक मंत्री की सेक्स सीडी के मामले में गिरफ्तार किए गए वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा को पुलिस छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित माना पुलिस स्टेशन ले आई है। विनोद वर्मा पर रंगदारी वसूलने और आपराधिक धमकी देने के आरोप लगे हैं। मीडिया से हुई एक छोटी से मुलाकात में उन्होंने कहा- यह तो बड़े हिमपर्वत का सिर्फ एक सिरा भर है। अब छत्तीसगढ़ सरकार ने सेक्स सीडी मामले की जांच सीबीआई से कराने का फैसला किया है। शनिवार को हुई छत्तीसगढ़ कैबिनेट की बैठक के बाद छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे ने इस बात की जानकारी दी।

ये है मामला
वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा को छत्तसीगढ़ पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित उनके घर से शुक्रवार सुबह गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दावा किया है कि उन्होंने विनोद वर्मा के घर से 500 सीडी बरामद की गई हैं, जिनका इस्तेमाल वह रंगदारी और आपराधिक धमकी के लिए करने वाले थे। हालांकि, विनोद वर्मा ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें फंसाया जा रहा है। विनोद वर्मा के अनुसार उनके पास क्लिप एक पेन ड्राइव में है, उनका किसी भी सीडी से कोई लेना-देना नहीं है।
यह सीडी छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री राजेश मूणत की बताई जा रही है, जबकि उन्होंने इस सीडी को फर्जी बताया है। बीजेपी भी इस मामले में पार्टी के नेता का बचाव कर रही है। पत्रकार विनोद वर्मा के खिलाफ छत्तीसगढ़ के पंडरी थाने में आईपीसी की धारा 384, 506 और आईटी ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है, जिसके आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस को उनके घर से सीडी के अलावा 2 लाख रुपये कैश भी बरामद किए हैं। पुलिस ने एक लैपटॉप और डायरी भी अपने कब्जे में लिया था।












Click it and Unblock the Notifications