PNB Scam: मेहुल चोकसी पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, 1217 करोड़ की 41 संपत्तियां जब्त
देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक पीएनबी में हुए 11500 करोड़ रुपए के घोटाले में आरोपी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी पर ईडी लगातार शिकंजा कस रही है।
नई दिल्ली। देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक पीएनबी में हुए 11500 करोड़ रुपए के घोटाले में आरोपी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी पर ईडी लगातार शिकंजा कस रही है। ईडी ने गुरुवार को मेहुल चोकसी और उससे जुड़ी कंपनियों की 1217.20 करोड़ रुपए की 41 संपत्तियां जब्त कीं। मेहुल चोकसी की जो संपत्तियां जब्त की गई हैं, उनमें मुंबई में 15 फ्लैट और 17 ऑफिस परिसर, आंध्र प्रदेश में मैसर्स हैदराबाद जेम्स, कोलकाता में एक शॉपिंग मॉल, अलीबाग में एक फार्म हाउस और महाराष्ट्र व तमिलनाडु में 231 एकड़ जमीन शामिल है।

कोलकाता का शॉपिंग मॉल, मुंबई में 15 फ्लैट
आपको बता दें कि इससे पहले बीते सोमवार को नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के फर्म के 10 से ज्यादा एग्जीक्यूटिव के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। सीबीआई ने कम से कम पांच अन्य बैंकों एक्सिस बैंक, इलाहाबाद बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, यूको बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से कहा है कि वे यह जानकारी साझा करें कि उनकी इंटरनेशनल डिवीजन से मोदी और चोकसी समूह की कंपनियों को कितना कर्ज दिया गया। सूत्रों के मुताबिक जिन बैंको ने एलओयू जारी किए है उनसे भी जानकारी मांगी गई है। जिन बैंकों की विदेशों में शाखाएं उनसे भी जांच एजेंसियों ने ब्यौरा मांगा है।

नीरव पर भी ईडी का शिकंजा
वहीं, शनिवार को ED की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार नीरव मोदी की 21 अचल संपत्तियां अटैच की गई। इन संपत्तियों की कीमत 523.72 करोड़ रुपए है। ये सारी संपत्तियां नीरव मोदी और उसके नियंत्रण वाले कंपनियों की हैं। ईडी ने नीरव की संपत्तियों में अलीबाग स्थित फार्म हाउस, सोलर पावर प्लांट, अहमदनगर स्थित 135 एकड़ की जमीन, मुंबई और पुणे स्थित आवासीय और दफ्तर की संपत्तियां शामिल हैं। शुक्रवार को नीरव मोदी के करीब 30 करोड़ रुपए के बैंक बैलेंस को फ्रीज कर दिया।

नोटबंदी से पहले जमा किए 90 करोड़
इस बीच एनसीपी सांसद माजिद मेमन ने दावा किया कि नोटबंदी से पहले पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में नीरव मोदी ने 90 करोड़ रुपये जमा करवाए थे। एनसीपी सांसद ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह आरोप लगाया। माजिद मेमन ने कहा कि साल 2017 में नोटबंदी के एलान से कुछ पहले नीरव मोदी ने पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में 90 करोड़ रुपये जमा करवाए थे। उन्होंने यह भी कहा कि सोने-चांदी के बदले किसी मकसद से इतनी बड़ी रकम को बैंक में जमा कराया गया होगा।












Click it and Unblock the Notifications