पीएम नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए करेंगे ICMR की 3 लैब्स का उद्घाटन
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की तीन नई उच्च क्षमता वाली लैबों का उद्घाटन करेंगे। बता दें, ये लैब्स आईसीएमआर नोएडा, मुंबई और कोलकाता में स्थापित की गई हैं। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भी शामिल हो सकते हैं।

आईसीएमआर दुनिया की सबसे पुरानी और बड़ी मेडिकल रिसर्च संस्थाओं में से एक है। भारत में बायोमेडिकल रिसर्च के फॉर्म्यूलेशन, कोऑर्डिनेशन और प्रमोशन की यह सर्वोच्च संस्था है। मौजूदा हालत में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसन्धान परिषद कोविड-19 के टेस्ट करने में मदद कर रहा है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद की फंडिंग भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ रिसर्च के जरिए होती है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ही इस काउंसिल के अध्यक्ष होते हैं।
वर्तमान में आईसीएमआर रोज देशभर में कोविड-19 के टेस्ट करने में मदद कर रहा है। आईसीएमआर के आंकड़ों के मुताबिक, 23 जुलाई तक देश भर में अब तक कुल 1,54,28,170 नमूनों का टेस्ट किया। अकेले शुक्रवार को 3,52,801 सैंपल टेस्ट किए गए। बता दें, तीनों लैब्स में से नोएडा के लैब को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसके जरिए न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के लोगों को भी लाभ मिल सकेगा। देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है। अब तक कोरोना के 13 लाख 85 हजार 522 कंफर्म केस हो चुके हैं, दुनिया भर में भारत कोरोना संक्रमण के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है।












Click it and Unblock the Notifications