National Doctors' Day पर पीएम मोदी देश के डॉक्टरों को करेंगे संबोधित, IMA आयोजित करेगा कार्यक्रम
नई दिल्ली, जून 30। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 जुलाई नेशनल डॉक्टर्स डे के मौके पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के एक कार्यक्रम में IMA के डॉक्टरों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को ट्विटर के जरिए ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारतीय डॉक्टरों ने जो प्रयास किए हैं, उनपर हमें गर्व है। पीएम ने कहा कि 1 जुलाई का दिन 'Doctor Day' के रूप में मनाया जाता है, ऐसे में कल दोपहर 3 बजे IMA के द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में मैं डॉक्टर कम्युनिटी को संबोधित करूंगा।

मन की बात कार्यक्रम में पीएम ने जताया था डॉक्टरों का आभार
आपको बता दें कि पीएम मोदी ने बीते रविवार को भी अपने 'मन की बात' कार्यक्रम में कोरोना के खिलाफ लड़ाई में डॉक्टरों के योगदान को अहम बताया था और उन्हें धन्यवाद कहा था। पीएम मोदी समय-समय पर हमारे हेल्थ वर्कर्स की सराहना करते रहे हैं। मन की बात कार्यक्रम में भी पीएम मोदी ने अपने 1 जुलाई के संबोधन का जिक्र किया था। पीएम मोदी ने कहा था कि 1 जुलाई को हम नेशनल डॉक्टर्स डे मनाएंगे, यह दिन देश के महान डॉक्टरों और राजनेता डॉ बीसी रॉय की जयंती को समर्पित है। पीएम ने कहा था कि कोरोना काल में डॉक्टरों के योगदान के लिए हम सभी आभारी हैं, हमारे डॉक्टरों ने अपनी जान की परवाह किए बिना हमारी सेवा की है इसलिए, इस बार राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस और भी खास हो जाता है।
कौन थे बिधान चंद्र रॉय (बीसी रॉय)?
आपको बता दें कि देशभर में डॉक्टर्स डे पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री और खुद प्रसिद्ध डॉक्टर बिधान चंद्र रॉय के सम्मान में मनाया जाता है, जिनकी जन्म और मृत्यु की वर्षगांठ 1 जुलाई को पड़ती है। डॉ बिधान चंद्र रॉय ने 14 साल तक पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में काम किया। उन्हें एक राजनेता के साथ-साथ एक चिकित्सक, परोपकारी, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने 1928 में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, भारतीय चिकित्सा परिषद, भारतीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान, संक्रामक रोग अस्पताल और कोलकाता के पहले स्नातकोत्तर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की थी। उन्हें भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया था।
डिजिटल इंडिया के लाभार्थियों को भी संबोधित करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को 'डिजिटल इंडिया' के 6 साल पूरे होने के मौके पर डिजिटल इंडिया के लाभार्थियों को भी संबोधित करेंगे। गुरुवार को पीएम मोदी सुबह 11 बजे इस स्कीम के लाभार्थियों से बातचीत करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के द्वारा किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद भी मौजूद रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications