पीएम मोदी ने लॉन्च किया गरीब कल्याण रोजगार अभियान, प्रवासी श्रमिकों को मिलेगा रोजगार
नई दिल्ली: कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने मार्च में लॉकडाउन लागू किया था। जिसने देश में लाखों लोगों की रोजी-रोटी छीन ली। अब बेरोजगारों को राहत देने के लिए मोदी सरकार ने मेगा प्लॉन तैयार किया है। जिसके तहत शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'गरीब कल्याण रोजगार अभियान' की शुरूआत की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के अलावा 6 राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे।
Recommended Video

इस कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने गलवान में शहीद हुए सैनिकों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज जब मैं बिहार के लोगों से बात कर रहा हूं, तो मैं गौरव के साथ इस बात का जिक्र करना चाहूंगा कि बिहार रेजिमेंट के जवानों ने लद्दाख में पराक्रम दिखाया है। जिस वजह से हर बिहारी को इस पर गर्व है। जिन वीरों ने बलिदान दिया है उनके प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मैंने बिहार के अलग-अलग जिलों में वापस आए मजदूरों से बात की थी। सभी का कहना था कि वो राज्य से बाहर नहीं जाना चाहते हैं, बस मजबूरी उन्हें खींच ले जाती है। अब इस योजना के शुरू होने से मजदूरों को दूसरे राज्य में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
क्या है योजना का लाभ?
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 1.7 लाख करोड़ रुपये के राहत पैकेज का ऐलान किया गया था। जिसके तहत 6 राज्यों के 116 जिलों में 125 दिनों का ये अभियान प्रवासी श्रमिकों की मदद करेगा। इसका उद्देश्य कोरोना संकटकाल में ग्रामीण भारत में रोजगार बनाए रखना है। 1.7 लाख करोड़ रुपये के राहत पैकेज को दो हिस्सों में बांटा गया है। जिसमें प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ रुपये गरीबों और दिहाड़ी मजदूरों को दिए जाएंगे। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत गरीबों को तीन महीने तक मुफ्त राशन दिया जाएगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में मनरेगा के तहत काम करने वालों को अब 182 रुपये के बदले 202 रुपये मिलेंगे, इससे उनकी आय में 2000 रुपये की बढ़ोतरी होगी। इस योजना के तहत तीन करोड़ गरीब वृद्धों, गरीब विधवाओं और गरीब दिव्यांगों को एक-एक हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications