सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर दुखी पीएम मोदी ने किया Tweet- स्तब्ध हूं...
नई दिल्ली। फिल्म एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने आज अपने मुंबई स्थित घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनके इस कदम से पूरा देश स्तब्ध है और उनके प्रति अपनी संवेदना जाहिर कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट करके सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर दुख जाहिर किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट करके लिखा कि सुशांत सिंह राजपूत एक बेहद चमकते हुए युवा एक्ट थे, जो बहुत जल्दी चले गए। उन्होंने टीवी और फिल्म दोनों में अपना हुनर दिखाया था। मनोरंजन जगत में उनका उदय कई लोगों को प्रेरित करता है, वो अपने पीछे कई यादगार प्रदर्शन को छोड़कर गए हैं। उनके जाने से काफी चकित हूं, मेरी संवेदना उनके परिवार और फैंस के प्रति है, ओम शांति।
Recommended Video

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी सुशांत के निधन पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि बहुत ही टैलेंटेड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत इस दुनिया में नहीं रहे। उनकी मौत से मैं दुखी हूं। वो पटना से थे। पिछले साल राष्ट्रपति भवन में शपथ समारोह के दौरान उनसे मुलाकात हुई थी। उन्होंने बताया था कि उनका परिवार पटना के राजीव नगर में रहता है। अभी उन्हें बहुत कुछ करना था, लेकिन वो दुनिया को जल्दी अलविदा कह गए। सुशांत के मौत की खबर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैली। उनके चाहने वाले मुंबई स्थित उनके घर के बाहर इकट्ठा हो गए। इस दौरान पुलिस को भीड़ को काबू करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस को अभी तक सुशांत के घर से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है।

बता दें, सुशांत सिंह राजपूत का जन्म पटना में हुआ था। 2000 के शुरुआत में उनका परिवार दिल्ली में बस गया था। सुशांत ने बतौर बैकअप डांसर करियर शुरू किया था। सुशांत सिंह राजपूत ने बतौर एक्टर अपना करियर टेलीविजन की दुनिया से शुरू किया था। सुशांत ने अपने करियर की शुरुआत साल 2008 टीवी सीरियल 'किस देश में है मेरा दिल' से की थी। बीते सालों में डिटेक्टिव ब्योमकेश बक्शी, एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी, काई पो चे और छिछोरे जैसे कुछ फिल्मों में लीड भूमिका निभाई। एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी फिल्म सुशांत सिंह राजपूत के करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्म साबित हुई। बता दें, सुशांत ने साल 2013 में फिल्म 'काय पो छे!' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में सुशांत की एक्टिंग की जमकर तारीफ हुई थी। सुशांत की दूसरी फिल्म 'शुद्ध देसी रोमांस' थी। इस फिल्म में उन्होंने एक रोमांटिक लड़के का किरदार प्ले किया था।












Click it and Unblock the Notifications