आज क्रिप्टोकरेंसी पर दूसरी बड़ी बैठक करने जा रहे पीएम मोदी, आ सकता है विधेयक
नई दिल्ली, 15 अगस्त: क्रिप्टोकरेंसी का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। भारत में भी इसमें निवेश करने वाले लोगों की संख्या बढ़ती जा रही, जिस वजह से अब मोदी सरकार इसे गंभीरता से ले रही है। 13 नवंबर को इस मुद्दे पर पीएम की अध्यक्षता में बड़ी बैठक हुई थी। अब दो दिन बाद सोमवार को इस पर फिर से पीएम बैठक करेंगे। जिसमें रिजर्व बैंक, वित्त मंत्रालय और गृह मंत्रालय के अधिकारी शामिल रहेंगे। सरकार पहले ही इस मुद्दे पर दुनियाभर के विशेषज्ञों से परामर्श कर चुकी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार आगामी शीतकालीन सत्र में क्रिप्टोकरेंसी पर व्यापक विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। सोमवार यानि आज वित्त मामलों की स्थायी समिति बैठक करेगी। जिसमें इसके सभी पहलुओं पर चर्चा होगी। केंद्रीय बैंक आरबीआई ने पहले ही अपना रुख सरकार के सामने साफ कर दिया है। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास के मुताबिक डिजिटल करेंसी के संबंध में गंभीर चिंताएं हैं, जिस पर ध्यान देने की जरूरत है। साथ ही निवेशकों को भी इस बारे में सतर्क रहने की जरूरत है।
क्रिप्टो पर लगेगा टैक्स?
क्रिप्टो बाजार अनियंत्रित है। साथ ही इसका पूरा हिसाब भी सरकार के पास नहीं रहता, जिस वजह से चिताएं बढ़ गई हैं। भारत में भी बहुत से डिजिटल प्लेटफॉर्म हैं, जहां पर क्रिप्टो को आसानी से खरीदा और बेचा जा रहा है। इसके मुनाफे पर टैक्स भी नहीं लग रहा। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा कि सरकार अब इस पर टैक्स लगाने का प्लान बना रही है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
क्या है क्रिप्टोकरेंसी?
क्रिप्टो करेंसी एक तरह की वर्चुअल करेंसी है, जो आपके डिजिटल वॉलेट में रहती है। आम रुपये की तरह आप इसे नोट या सिक्के के रूप में नहीं रख सकते हैं। ये पूरी तरह से ऑनलाइन है। खास बात ये है कि इसके दाम बहुत तेजी से घटते-बढ़ते हैं, जिस वजह से एक्सपर्ट इसमें सोच समझकर निवेश करने की सलाह देते हैं। वहीं टेरर फंडिंड, काला धन और फिरौती में भी इसका काफी इस्तेमाल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications