Modi Government: 10 सालों में क्या आया बदलाव?मोदी सरकार की 10 बड़ी उपलब्धियां
Modi Government Achievements: नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। हालांकि इस बार सहयोगी के बल पर सरकार चलेगी, लेकिन एनडीए की हाल ही हुई बैठक में सभी सहयोगी दलों ने एक स्वर में कहा कि जो काम बच गए हैं, उनको पूरा किया जाएगा। ऐसे में लगातार तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने वाले देश के दूसरे नेता बने नरेंद्र मोदी के अब तक के 10 साल की क्या कुछ बड़ी उपलब्धियां रहीं है, एक नजर इस पर...
क्या रही मोदी सरकार की 10 साल की 10 बड़ी उपलब्धियां ये भी आपके लिए समझ अहम है, क्योंकि अब तीसरी बार शपथ लेने से पहले जानिए 2014 और 2019 में किए गए मोदी सरकार के काम के बारे में।

1. भारत पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
पिछले एक दशक में भारत पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। महज 10 साल पहले, यह आर्थिक रूप से 11वें स्थान पर था। साल 2014 से अब तक भारत की GDP 162% से बढ़ी है। वहीं 2014 से औसत आय दोगुनी यानी 135 फीसदी से भी ज्यादा हो गई। साथ ही विदेशी मुद्रा भंडार अब 290 अरब डॉलर से बढ़कर 620 अरब डॉलर हो गया।
2. डिजिटल हुआ भारत
इसी के साथ देश तेजी से डिजिटल भारत की तरफ बढ़ा है। मोदी सरकार के डेमोनेटिज़ेशन के फैसले और बढ़ते इंटरनेट की उयोगिता के चलते UPI के चलन को तेज गति मिली है। साल 2018 में 2071 करोड़ डिजिटल ट्रांजेक्शन अब 9500 करोड़ के पार हो चुका है। वहीं अन्य देशों ने भी भारत के यूपीआई को मान्यता दी है।
3. लोगों के खुले बैंक खाते
इसी के साथ मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री जन धन योजना (PM Jan Dhan Yojana) को भी इन सालों में बड़ी सफलता मिली है। इस योजना में वित्त वर्ष 2024 में ही खोले गए नए खातों की संख्या 33 मिलियन तक जा पहुंची। जिसके बाद इन खातों की संख्या भी 519.5 मिलियन तक पहुंच गई। सेविंग्स डिपाजिट खातों में 197% की बढ़त हुई। वहीं लोगों को सीधा योजनाओं को फायदा मिला।
4. पीएम आवास योजना
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की शुरुआत साल 2015 में हुई थी। वहीं ग्रामीण योजना एक साल बाद यानी 2016 में लॉन्च की गई थी। जिसके तहत गरीब लोगों का पक्के मकान का सपना पूरा हुआ।
5. आयुष्मान योजना
लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए मोदी सरकार ने आयुष्मान योजना लॉन्च की थी। जिसमें गरीब लोगों को गंभीर बीमारी का इलाज भी उपलब्ध हो सकें। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि इस योजना से अब तक 6.5 करोड़ लोगों को 81,979 करोड़ रुपये का इलाज मिल चुका है।
6. पीएम किसान सम्मान निधि योजना
इस योजना के तहत केंद्र सरकार उन किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना चलाती है जो किसान जरूरतमंद हैं या गरीब वर्ग से आते हैं। इस योजना के अंतर्गत किसानों को आर्थिक लाभ दिया जाता है। इसके लिए केंद्र सरकार हर साल पात्र किसानों को 6 हजार रुपये देती है और इस पैसे को हर चार महीने में 2-2 हजार रुपए की तीन किस्तों में दिया जाता है।
7. आत्मनिर्भर भारत अभियान
कोविड-19 महामारी के बाद देश में आत्मनिर्भर भारत अभियान पर खासा जोर दिया गया। जिसके तहत देश को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने पर सरकार का फोकस है। वोकल फॉर लोकल और PLI से पहल की शुरू की गई।
8. विकसित भारत का रोड मैप
बीते 10 सालों के मोदी सरकार के कार्यकाल में तेजी से सड़कों का जाल बिछा है। नेशनल हाईवे में 60 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। जबकि 31000-किमी का नया रेल नेटवर्क जाल बिछा है। वहीं नौ वंदे भारत ट्रेन चलीं और जल्द ही बुलट ट्रेन की भी तैयारी है।
9. चांद पर भारत ने रखा कदम
इसी के साथ भारत ने अंतरिक्ष की दुनिया में भी अपना लोहा मनवाया। मोदी सरकार में इसरो ने भी कई बड़े मिशन को पूरे किया, जिसमें चंद्रयान-3 की सफल लॉन्चिंग भी शामिल है। वहीं इसरो ने सूर्य की खोज के लिए भी पहला मिशन लॉन्च किया था।
10. देशहित में कई बड़े फैसले
इसके अलावा मोदी सरकार ने देशहित में कई बड़े फैसले भी किए, जिसमें जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 और ट्रिपल तलाक को हटाना शामिल हैं। इसके अलावा अयोध्या में राममंदिर का निर्माण भी इनमें से एक है।












Click it and Unblock the Notifications