अचानक शिक्षा मंत्रालय के सेशन में शामिल हुए पीएम मोदी, छात्रों और अभिभावकों से की बात
नई दिल्ली, 3 जून: कोरोना महामारी की दूसरी लहर कमजोर तो पड़ गई है, लेकिन खतरा अभी तक टला नहीं है। जिस वजह से केंद्र सरकार ने CBSE 12वीं बोर्ड की परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया है। ऐसे में अब आतंरिक मूल्यांकन के आधार पर सभी छात्रों को पास कर दिया जाएगा। वहीं गुरुवार को शिक्षा मंत्रालय ने CBSE के छात्रों के लिए एक सेशन आयोजित किया था। जिसमें कई पहलुओं पर बात की गई, लेकिन छात्र तब हैरान रह गए जब अचानक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसमें शामिल हो गए।

शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक उनकी ओर से एक ऑनलाइन सेशन छात्रों के लिए आयोजित किया गया था। जिसमें अभिभावक भी जुड़े थे। इस सेशन में अचानक पीएम मोदी भी जुड़ गए, जबकि उनका पहले से कोई प्लान तय नहीं था। इस दौरान उन्होंने छात्रों के साथ ही अभिभावकों के साथ ही विभिन्न विषयों पर बात की। हाल ही में केंद्र ने जो 12वीं की परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया था, उसको लेकर भी अभिभावकों ने पीएम को धन्यवाद किया। पीएम ने उम्मीद जताई कि जल्द ही हालात सही होंगे और बच्चे दोबारा से अपने बैग लेकर स्कूलों में जा सकेंगे।
मीटिंग में पीएम ने कही थी ये बात
देश में कोरोना वायरस का खतरा अभी टला नहीं है। ऐसे में इस मुश्किल वक्त में परीक्षा करवाना बड़े खतरे से कम नहीं था। पीएम ने शिक्षा मंत्रालय के साथ हुई बैठक में साफ किया था कि बच्चों की जान खतरे में नहीं डाली जा सकती है। वहीं दूसरी ओर विदेशी यूनिवर्सिटीज जल्द ही प्रवेश परीक्षाएं शुरू करने वाली हैं, ऐसे में अगर कोई फैसला जल्द ना लिया जाता तो हजारों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ जाता। इन्हीं सब वजहों से 12वीं की परीक्षा रद्द कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications