लालू के बड़े लाल तेज प्रताप ने फिर धरा भगवान शंकर का रूप, वायरल हुई तस्वीर
पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े लाल तेज प्रताप एक बार फिर से अपने नए रूप के कारण चर्चा में हैं,दरसअल अपने को कान्हा का अवतार कहने वाले तेज प्रताप ने सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव का रूप धारण किया, जिसकी वजह से वो इस वक्त सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। आपको बता दें कि सावन के पहले सोमवार को तेज प्रताप ने अपने घर पर भगवान भोलेनाथ की विधिवत् पूजा-अर्चना भी की और लोगों को शिव चालीसा का पाठ पढ़कर भी सुनाया।

तेज प्रताप ने फिर धरा भगवान शिव का रूप
इस दौरान उन्होंने सफेद धोती लपेटी हुई थी और पूरे शरीर में भस्म लगाया था, साथ ही मृगछाला धारण कर वे बिल्कुल भगवान शंकर का अवतार लग रहे थे, उनके खुले घुंघराले बाल और और माथे पर त्रिकुटी तिलक ने उनके रूप को और भी भव्य बना दिया था। तेज प्रताप का यह रूप इस वक्त सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है, लोग तेज प्रताप के लुक पर काफी कमेंट कर रहे हैं।

तेज प्रताप ने फिर किया हैरान
गौरतलब है कि पिछली बार भी सावन महीने में जब हर कोई भगवान शंकर की भक्ति में डूबा था, उस वक्त भी तेजप्रताप ने भोले नाथ का रूप धरा था।

अलग-अलग रूप में तेज प्रताप
वैसे तेज प्रताप अक्सर अपने हैरत अंगेज रूपों से लोगों के अचरज में डाल देते हैं, कभी वो ग्वाला बनकर खेतों में गायों को घास चराने लगते हैं तो कभी वो राजाओं की तरह घुड़सवारी करते नजर आते हैं, तेज के करीबी कहते हैं कि तेज प्रताप कब क्या करेंगे, ये किसी को पता नहीं है।

चल रहा है कोल्ड वॉर
वैसे इन दिनों लालू के दोनों बेटों तेज और तेजस्वी के बीच कोल्ड वॉर चल रहा है, जिसे की सुलझाने की पुरजोर कोशिश कर रही हैं लालू की पत्नी और पूर्व सीएम राबड़ी देवी, दरअसल राजद पार्टी ने तेजस्वी यादव को 2020 के चुनाव के लिए पार्टी का मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर रखा है। लेकिन, पार्टी के अंदरखाने इस बात को लेकर खलबली मची हुई है कि लोकसभा चुनाव में जिस तरह से तेज प्रताप ने कई मौकों पर छोटे भाई को खुली चुनौती दी, ऐसे में विधानसभा चुनाव के परिणाम पर इसका असर पड़ सकता है इसलिए राबड़ी की पूरी कोशिश दोनों बच्चों के बीच दोस्ती कराने की है।

बच्चों को मनाने में जुटीं मां राबड़ी
कहा जा रहा है पार्टी में अपनी अनदेखी की वजह से तेज प्रताप अपने भाई से नाराज चल रहे हैं, उनके निजी जीवन में भी पत्नी ऐश्वर्या से भी तकरार चल रही है, पूरा परिवार इस मुद्दे पर ऐश्वर्या का साथ दे रहा है, ऊपर से पार्टी का लोकसभा चुनाव में राजद के बुरे हाल ने इस तकरार को और बढ़ा दिया है, दरअसल, लोकसभा चुनावों में एक भी सीट नहीं जीत पाने के बाद ही आरजेडी ने विधानसभा चुनावों के लिए तेजस्वी को सीएम उम्मीदवार घोषित किया है। इस बात से आशंका है कि तेज प्रताप फिर से पार्टी का खेल बिगाड़ने का प्रयास शुरू न कर दें। इसलिए राबड़ी देवी दोनों बेटों के बीच शांति बनाए रखने के साथ ही तेजस्वी की लीडरशिप में पार्टी को चलाने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल पार्टी में काफी असंतोष की स्थिति है, ऐसे में तेज और तेजस्वी को कैसे राबड़ी करीब लाती हैं, ये एक देखने वाली बात होगी।












Click it and Unblock the Notifications