चुनावी नतीजों के बाद देश में बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम! 9 रुपए तक महंगा हो सकता है पेट्रोल
नई दिल्ली, मार्च 02। यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध का असर भारत पर पड़ना शुरू हो गया है। पिछले 3-4 दिनों के अंदर देश में कई जरूरी चीजों के दाम तेजी से बढ़ गए हैं। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर और दूध के दाम हाल ही में बढ़ाए गए हैं। ऐसे में इस बात की संभावनाएं बहुत अधिक बढ़ गई हैं कि आने वाले दिनों में देश के अंदर पेट्रोल और डीजल भी महंगा हो सकता है। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, अगले हफ्ते देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने की संभावना है।

9 रुपए महंगा हो सकता है पेट्रोल
रिपोर्ट के मुताबिक, अभी पांच राज्यों में चुनाव होने के कारण कीमतों को नहीं बढ़ाया जा रहा है। ऐसे में 10 मार्च को चुनावी नतीजों के बाद देशभर में तेल की कीमतों में इजाफा किया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल के दाम में 100 डॉलर प्रति बैरल की बढ़ोतरी हुई है, जिसकी वजह से भारत में पेट्रोल पर 9 रुपए प्रति लीटर बढ़ाए जा सकते हैं।

2014 के बाद पहली बार 100 डॉलर से उपर गई कच्चे तेल की कीमत
आपको बता दें कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम इससे पहले 2014 के मध्य में पहली बार 110 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचे थे। 2014 के बाद अब जाकर कच्चे तेल के दाम इतने अधिक बढ़े हैं। इस वक्त यूक्रेन और रूस के युद्ध के बीच इस बात का खतरा अधिक बढ़ गया है कि रूस से तेल और गैस की आपूर्ति बाधित हो सकती है, जिसके बाद कच्चा तेल और महंगा हो सकता है।

अगले हफ्ते बढ़ सकते हैं तेल के दाम
पेट्रोलियम मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले पेट्रोलियम योजना और विश्लेषण प्रकोष्ठ (PPAC) के मुताबिक, भारत जो कच्चा तेल खरीदता है, उसके दाम एक मार्च को 102 डॉलर प्रति बैरल से अधिक हो गए। ईंधन का यह मूल्य अगस्त 2014 के बाद सबसे ज्यादा हैं। ब्रोकरेज फर्म जे पी मॉर्गन ने एक रिपोर्ट में कहा, 'अगले हफ्ते तक राज्यों के विधानसभा चुनाव खत्म हो जाएंगे। अनुमान है कि इसके बाद ईंधन की दरें दैनिक आधार पर बढ़ सकती हैं।'












Click it and Unblock the Notifications