दिल्ली में लॉकडाउन की उड़ी धज्जियां, रमजान शुरू होते ही खरीदारी करने उमड़ी भीड़
नई दिल्ली: केंद्र और राज्य सरकार की तमाम कोशिशों के बाद भी देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। अब तक यहां पर 2350 से ज्यादा पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। दिल्ली के रेड जोन वाले इलाकों में सख्ती बढ़ाई जा रही है, इसके बावजूद लोगों पर इसका खास असर पड़ता नजर नहीं आ रहा है। शुक्रवार को रमजान की खरीदारी के लिए दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में लोगों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाई। ऐसे ही हालात रहे तो आने वाले वक्त में दिल्ली की स्थिति और बदतर हो जाएगी।

दरअसल लॉकडाउन को देखते हुए सरकार ने लोगों से घरों में नमाज पढ़ने और कहीं इफ्तार पार्टी आयोजित नहीं करने की अपील की थी। इसके बावजूद शुक्रवार शाम को बड़ी संख्या में लोग चांदनी चौक के लाल कुंआ बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचे। इस दौरान ना तो दुकानदार और ना ही ग्राहकों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया। वहीं भीड़ की वजह से बाजार में जाम की स्थिति बनी रही। चांदनी चौक से आई ये तस्वीरें सरकार की मेहनत पर पानी फेरती नजर आ रही हैं।
लगातार बढ़ रहे आंकड़े
पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 1684 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। जिसके बाद देशभर में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 23,077 हो गई है। वहीं अब तक 718 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि ठीक होने वालों की कुल संख्या 4748 है। कोरोना से देश की राजधानी दिल्ली और महाराष्ट्र बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। दिल्ली में अब तक 2376 मरीज सामने आए हैं, जिसमें से 50 की मौत हो चुकी है। वहीं 808 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। कोरोना के खतरे को देखते हुए दिल्ली के 92 इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications