विमानों में नहीं रुक रहा हंगामा, IndiGo फ्लाइट में यात्री ने की इमरजेंसी एग्जिट खोलने की कोशिश
दिल्ली-बेंगलुरु IndiGo flight में एक यात्री ने जमकर हंगामा किया। उसने इमरजेंसी एग्जिट खोलने की भी कोशिश की।

फ्लाइट में यात्रियों की बदसलूकी रुकने का नाम नहीं ले रही है। अब 40 साल के एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है, जिसने इंडिगो की उड़ान में जमकर हंगामा किया। इसके अलावा उसने इमरजेंसी गेट खोलने की भी कोशिश की। हालांकि क्रू ने वक्त रहते हालात को कंट्रोल में कर लिया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह इंडिगो विमान 6E 308 ने दिल्ली से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी। विमान जब हवा में पहुंचा, तो एक यात्री ने हंगामा शुरू कर दिया। वो पूरी तरह से नशे में था। कुछ ही देर में वो बेकाबू हो गया और उसने इमरजेंसी एग्जिट का फ्लैप खोलने की कोशिश की।
इस पर क्रू ने पायलट को अलर्ट किया और यात्री को काबू में करने की कोशिश की। कुछ देर में उन्होंने यात्री को वापस उसकी सीट पर बैठाया। वहीं पायलट ने एटीसी को जानकारी दे दी थी। ऐसे में जैसे ही विमान बेंगलुरु में उतरा CISF की टीम ने उसको हिरासत में ले लिया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी।
मामले में आधिकारिक बयान जारी करते हुए एयरलाइन ने कहा कि यात्री को उग्र होता देखा क्रू ने जरूरी गाइडलाइन का पालन किया और पायलट को जानकारी दी। वक्त रहते उसको कंट्रोल कर लिया गया। साथ ही उड़ान के सुरक्षित संचालन पर कोई समझौता नहीं किया गया। पुलिस यात्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पहले भी ऐसी घटना
अभी कुछ दिनों पहले मुंबई जाने वाली इंडिगो फ्लाइट में एक यात्री ने जमकर हंगामा किया था। जब विमान हवा में था, तो उसने इमरजेंसी एग्जिट का कैप खोलने की कोशिश की। हालांकि बाद में उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया था।
दुबई की फ्लाइट में हंगामा
मार्च के अंत में दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की फ्लाइट में दो यात्रियों ने जमकर हंगामा किया था। दोनों नशे में थे और उन्होंने चालक दल के साथ जमकर गाली-गलौज की। जब फ्लाइट मुंबई पहुंची, तो उन्हें प्रोटोकॉल के अनुसार अनियंत्रित व्यवहार के लिए CISF सुरक्षा कर्मचारियों को सौंप दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications