Parliament: AAP का पीएम पर पलटवार, कहा- 'संसद में क्या हुआ, ये मायने नहीं रखता, विकास पर चर्चा जरूरी'
संसद का विशेष सत्र आज से शुरू हो गया, जिसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पुराने भवन पहुंचे। वहां पर उन्होंने लोकसभा को संबोधित किया, साथ ही पुराने भवन के इतिहास से जुड़ी कई चीजों को बताया। उनके इस भाषण पर भी राजनीति शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी ने उन पर पलटवार किया है।
पीएम मोदी के संबोधन पर AAP सांसद सुशील गुप्ता ने कहा कि संसद के 75 साल पूरे हो गए और इस विषय पर दोनों सदनों में चर्चा का निर्णय लिया गया। देश की जनता चाहती थी कि 75 साल बाद इस बात पर चर्चा होनी चाहिए कि शिक्षा में कितनी प्रगति हुई, कितने मेडिकल संस्थान बने, क्या देश के सभी घरों में पीने का पानी है, क्या हर जगह बिजली उपलब्ध है।

AAP सांसद ने कहा कि पीएम ने इनमें से किसी भी मुद्दे पर बात नहीं की। यात्रा और संसद में क्या हुआ, ये मायने नहीं रखता। मायने ये रखता है कि हम (निर्वाचित प्रतिनिधि) देश की जनता की उम्मीदों पर कितने खरे उतरे हैं।
संजय सिंह ने भी किया पलटवार
AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि हम नए सदन की शुरुआत करने जा रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी विपक्ष को टारगेट करने वाली भाषा ही बोलेंगे, तो अच्छी बात नहीं है। पीएम मोदी कह रहे हैं कि रोने-धोने की जरूरत नहीं है। जबकि सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री मोदी ही रोते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कोरोना में लाखों लोग मरने के बाद आकर रोते हैं, GST लागू करने के बाद रोते हैं। मोदी जी ये बात अपने लिए ही कह रहे थे।
पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा?
संसद पहुंचते ही पीएम मोदी ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ये सत्र बहुत ही खास है, जिसमें कई अहम निर्णय लिए जाएंगे। ऐसे में सभी सांसद इसे सही तरीके से चलने दें, रोने-धाने के लिए काफी वक्त है। उनके इसी बयान से विपक्षी दल नाराज हैं।












Click it and Unblock the Notifications