संसद में संविधान की कॉपी लेकर क्यों पहुंचे 'INDIA' गठबंधन के नेता? राहुल गांधी ने दिया ये जवाब
Rahul Gandhi on PM Modi in Parliament Session: आज से 18वीं लोकसभा के पहले सत्र का आगाज हुआ है। पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई सांसदों ने शपथ ली।
तो वहीं दूसरी ओर 'इंडिया गठबंधन' के सांसद हाथों में संविधान की कॉपी लेकर प्रदर्शन करने उतरे और संसद परिसर में प्रदर्शन करते भी नजर आए।

जब इस बारे में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से पूछा गया कि 'आप लोग आज संसद में संविधान की कॉपी लेकर क्यों पहुंचे हैं? तो इस पर राहुल गांधी ने कहा कि 'पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह जो भी कर रहे हैं, वो सही नहीं और हमें स्वीकार्य नहीं, उन्हें हम मनमानी नहीं करने देंगे इसलिए हम आज यहां पर संविधान की कॉपी को लेकर आए हैं।'
'भारत के संविधान को कोई शक्ति नहीं छू सकती है'
अपनी बात को आगे बढ़ाते उन्होंने कहा कि 'भारत के संविधान को कोई शक्ति नहीं छू सकती है इसलिए हम इसमें कोई भी बदलाव नहीं होने देंगे। हम लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ते रहेंगे।'
मल्लिकार्जुन खड़गे भी बरसे
राहुल गांधी के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी जमकर पीएम मोदी और उनकी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 'पीएम मोदी ने संविधान को छेड़ने की कोशिश की।'
'जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति थी, उसे हटा दिया, जहां बाबा आंबेडकर की मूर्ति को भी हटा दिया,वे सभी लोकतांत्रिक मानदंडों को तोड़ रहे हैं, इसलिए यहां हम एकत्र होकर उन्हें ये ही संदश देना चाहते हैं कि देश में संविधान से खिलवाड़ करने वालों को हम आगे नहीं बढ़ने देंगे, सच कहूं तो देश में अघोषित आपातकाल चल रहा है।'
पीएम मोदी ने विपक्ष को दिया अल्टीमेटम
संसद सत्र के प्रारंभ होने से पहली पीएम मोदी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि'आज वैभव का दिन है,आज नई संसद में शपथ ग्रहण समारोह हो रहा है, ये गौरव की बात है। साथ ही उन्होंने विपक्ष को भी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि 'देश की जनता विपक्ष से संसद की गरिमा बनाए रखने की उम्मीद करती है ना कि नखरे, ड्रामा, नारेबाजी और व्यवधान की, हम उम्मीद करते हैं कि विपक्ष जनता को निराश नहीं करेगा।'












Click it and Unblock the Notifications