Sansad Mein Aaj Kya Hua: टैरिफ और बिहार SIR पर हंगामा, लोकसभा में वापस लिया गया इनकम टैक्स बिल 2025
Sansad Mein Aaj Kya Hua: मानसून सत्र का तीसरा हफ्ता भी शोर-शराबे और हंगामे की ही नाम रहा। शुक्रवार को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों का हंगामा शुरू हो गया। इस वजह से दोनों सदनों को स्थगित करना पड़ा। लोकसभा में 3 बजे के बाद फिर कार्यवाही शुरू हुई, लेकिन सिर्फ इनकम टैक्स बिल 2025 ही वापस लिया जा सका और सदन में शोर-शराबे और विपक्षी सदस्यों के हंगामे की वजह से सोमवार तक के लिए कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
राज्यसभा में दिन भर गतिरोध होता रहा जिसकी वजह से किसी मुद्दे पर सार्थक चर्चा नहीं हो सकी और सदन को सोमवार 11 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। लोकसभा की कार्यवाही 11 बजे शुरू हुई और जम्मू-कस्मीर के पूर्व राज्यपाल और सदन के सदस्य रहे सत्यपाल मलिक को श्रद्धांजलि दी गई।

SIR और नए टैरिफ दर पर दोनों सदनों में बवाल
विपक्षी सांसदों ने SIR और डोनाल्ड ट्रंप के अतिरिक्त टैरिफ लगाने के फैसले को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी सांसदों की नारेबाजी से परेशान होकर स्पीकर ओम बिड़ला ने कहा कि सभी सदस्य सीट पर जाएं और जो भी सवाल उठाना चाहते हैं उन्हें उसका मौका मिलेगा। हालांकि, उनकी नसीहत का कोई असर नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें: Parliament Session: SIR पर कम नहीं हो रहे हैं विपक्ष के तेवर, आज भी संसद में हंगामे के आसार
Sansad Mein Aaj Kya Hua: सत्यपाल मलिक को दोनों सदनों में दी गई श्रद्धांजलि
जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक लोकसभा और राज्यसभा दोनों के सदस्य रहे थे। परंपरा के मुताबिक, उन्हें दोनों सदनों में श्रद्धांजलि दी गई। राज्यसभा में इसके बाद कांग्रेस और विपक्षी दलों के सदस्य अपनी सीट पर खड़े हो गए और वोट चोरी पर जवाब दो... बिहार SIR पर जवाब दो जैसे नारे लगाने लगे। डिप्टी चेयरमैन ने हंगामा रुकता नहीं देखकर सदन को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। 12 बजे फिर विपक्षी सांसदों ने हंगामा जारी रखा और सदन की कार्यवाही नहीं हो सकी। एक बार सदन स्थगित करना पड़ा। इसके बाद भी जब गतिरोध खत्म होता नहीं दिखा तो, राज्यसभा को सोमवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने SIR पर चर्चा की मांग दोहराई
लोकसभा में वोटर संशोधन विधेयक पर चर्चा नहीं कराई जा सकती है, यह बात स्पीकर ओम बिड़ला कई बार दोहरा चुके हैं। हालांकि, इसके बाद भी शुक्रवार को विपक्षी सांसद चर्चा की मांग लेकर हंगामा करते रहे। शोर-शराबे के बाद 3 बजे लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू हुई, लेकिन कई महत्वपूर्ण बिल पेश नहीं हो सके। सिर्फ इनकम टैक्स बिल 2025 ही वापस लिया जा सका। भारतीय बंदरगाह विधेयक 2025 और राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक 2025 जैसे अहम बिल हंगामे की वजह से अब तक पेश नहीं किए जा सके हैं।
यह भी पढ़ें: गोवा विधानसभा में इस जाति को मिला आरक्षण, सीट किया गया रिजर्व, एक साल बाद मिली संसद की मंजूरी
संसद परिसर में विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन
सदन में हंगामे के साथ ही विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन संसद परिसर में भी जारी रहा। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार कमजोर हो गई है और चर्चा से किसी तरह से बचने की कोशिश करती है। दूसरी ओर बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि राहुल गांधी सिर्फ गैर-जिम्मेदाराना तरीके से आरोप लगाते हैं। चुनाव आयोग ने 1 अगस्त को नोटिस जारी किया है, लेकिन अब तक एक भी आपत्ति कांग्रेस की ओर से दर्ज नहीं की गई है।
हंगामे की भेंट चढ़े कई अहम विधेयक और प्रस्ताव
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजीव प्रताप रूडी मानसिक स्वास्थ्य देखभाल (संशोधन) विधेयक, 2024 में धारा 2 में बदलाव सहित संशोधनों का प्रस्ताव रखने वाले थे। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के कल्याण संबंधी समिति की विभिन्न रिपोर्टें भी निचले सदन में पेश की जाने वाली थी, लेकिन हंगामे की वजह से ये सारी रिपोर्ट और संशोधन प्रस्ताव पेश नहीं हो सके।
यह भी पढ़ें: अमेरिका-ब्रिटेन ने 2,000 से ज्यादा भारतीयों को लौटाया, संसद में सरकार ने दी जानकारी, सबसे ज्यादा किस राज्य से?












Click it and Unblock the Notifications