संसद अनिश्चित काल के लिए स्थगित, जानें इस सत्र में कितना हुआ काम, कौन से मुद्दों पर हुआ घमासान
Parliament: संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही गुरुवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।

Parliament Adjouned Sine Die: हंगामेदार बजट सत्र के बीच संसद के दोनों सदन लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चित कालीन समय के लिए स्थगित कर दी गई। केंद्रीय संसदीय मामलों के राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के मुताबिक लोकसभा में दूसरे चरण के दौरान 34 फीसदी की उत्पादकता और राज्यसभा में 24.4 फीसदी उत्पादकता दर्ज की। बता दें के संसद के बजट सत्र के दूसरे भाग की कार्यवाही 13 मार्च को शुरू हुई थी।
लोकसभा में कितना हुआ कामकाज
लोकसभा (Lok Sabha) अध्यक्ष ओम बिरला ने बताया कि 17वीं लोकसभा के 11वें सत्र की शुरुआत 31 जनवरी को हुई। सत्र राष्ट्रपति ने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में अभिभाषण के बाद शुरू हुआ। इस पर 13 घंटे 44 मिनट तक चर्चा चली। वहीं इस सत्र के दौरान लोकसभा में लगभग 45 घंटे 55 मिनट तक कामकाज हुआ।
लोकसभा में बजट पर 14 घंटे 45 मिनट तक चर्चा हुई
लोकसभा (Lok Sabha) अध्यक्ष ने बताया कि वित्त मंत्री ने एक फरवरी को वर्ष 2023-24 का बजट पेश किया। सदन में इस पर 14 घंटे और 45 मिनट तक चर्चा हुई और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसका जवाब दिया। उन्होंने बताया कि सदन ने अनुदान की मांगों और संबंधित विनियोग विधेयक को मंजूरी दी। सत्र के दौरान 8 विधेयक पुन: स्थापित किए गए और पांच विधेयक पारित हुए। सत्र के दौरान 29 तारंकित प्रश्नों के उत्तर दिए गए और 133 लोक महत्व के विषय उठाए गए। स्थायी समितियों के 62 प्रतिवेदन प्रस्तुत किये गए।
राज्यसभा में 31 घंटे कामकाज
राज्यसभा में 130 घंटे की निर्धारित अवधि के मुकाबले 31 घंटे से थोड़ा ही अधिक कामकाज हुआ। पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के मुताबिक, लोकसभा में निर्धारित समय के 34.28 फीसदी समय में ही कामकाज हुआ। राज्यसभा में 24 प्रतिशत समय में कामकाज हुआ। पूरे बजट सत्र के दौरान लोकसभा में 4.32 घंटे ही प्रश्नकाल चला, जबकि राज्यसभा में यह समय सिर्फ 1.85 घंटा रहा।
अडानी मुद्दे और राहुल के लंदन के भाषण पर हुआ घमासान
अडानी ग्रुप पर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सरकार और अडानी ग्रुप पर सांठगांठ के आरोप लगाए जिसके बाद संसद (Parliament) में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। इसके अलावा राहुल गांधी के लोकतंत्र को लेकर दिए भाषण पर सत्ता पक्ष की माफी की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ।












Click it and Unblock the Notifications