फिलिस्तीन के राजूदत का दावा जल्द नरेंद्र मोदी जाएंगे येरूशलम
नई दिल्ली। जिस तरह से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने येरूशलम को इजराइल की राजधानी के तौर पर मान्यता देने का ऐलान किया है, उसके बाद से ही इजरायल लगातार चर्चा में है। इसी बीच भारत मे फिलिस्तीन के राजदूत अदनान अबू का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही येरूशमल जाएंगे। राज्यसभा में एक पैनल में चर्चा के दौरान अदनान अबू ने कहा कि पीएम मोदी येरूशलम जल्द ही जाएंगे, साथ ही उन्होंने दुनियाभर के नेताओं से राष्ट्रपति ट्रंप के फैसले के खिलाफ समर्थन की मांग की है। पीएम मोदी की इजरायल यात्रा की तारीखों के बारे अदनान अबू ने साफ नहीं किया है, लेकिन उन्होंने कहा कि मैं यहीं इस बात की जानकारी देता हूं कि पीएम मोदी फिलिस्तीन जाएंगे।

जुलाई में पीएम गए थे इजरायल
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुलाई माह में इजरायल गए थे, वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने इजरायल का दौरा किया है। इस दौरे के दौरान उन्होंने येरूशलम से दूरी बनाए रखी थी। इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा था कि फिलिस्तीन को लेकर भारत का रुख अभी भी पहले जैसा है और हम अपनी सोच के लिए आजाद हैं। यह हमारी सोच और हितों को ध्यान में रखते हुए है, यह किसी तीसरी पार्टी के द्वारा निर्धारित नहीं होगा।

अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ
अबू अदनान का बयान ऐसे समय में आया है जब यूएन सेक्युरिटी काउंसिल ने अमेरिका के फैसले के बाद आपात बैठक बुलाई है। अबू अदनान ने कहा कि भारत फिलिस्तीन के समर्थनत में रहा है। अमेरिका के फैसले पर उन्होंने कहा कि वह पूरी दुनिया के देशों से समर्थन की उम्मीद कर रहे हैं, हम चाहते हैं कि इस मामले को दूसरी संस्था देखे और शांति बहाली के लिए काम करे। उन्होंने ट्रंप के फैसले को इंटरनेशनल रिजोल्यूशन के खिलाफ बताया है।

येरूशलम पर इजरायल का कब्जा
अदनान ने कहा कि बिना पूर्वी येरूशमल के फिलिस्तीन का अस्तित्व नहीं है और हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे। मुझे लगता है कि शुरूआत से ही अमेरिका शांति प्रक्रिया को रोकता आया है, अमेरिका इजरायल के मुद्दे का समर्थन कर रहा है, हम इजरायल से 1994 से समझौता करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अमेरिका ने इस मसले को सुलझाने के लिए कुछ नहीं किया। हमने शांति के लिए सबकुछ किया। इजरायल के लोग जमीन और शांति दोनों एक साथ चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications