फिर बोली मशहूर अभिनेत्री रम्या- पाकिस्तान नर्क नहीं है, माफी मांगने का सवाल ही नहीं
नई दिल्ली। मशहूर अभिनेत्री और कांग्रेस नेता रम्या ने पाकिस्तान को लेकर दिए गए अपने बयान पर माफी मांगने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबको अपने विचार रखने का अधिकार है, कोई भी विचारधारा किसी पर जबरन थोपी नहीं जा सकती।

न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में रम्या ने एक बार फिर कहा कि पाकिस्तान नर्क नहीं है, वहां के लोग बहुत अच्छे हैं। उन्होंने कहा, 'मुझ में ईगो नहीं है, कभी भी गलती हुई है तो मैं उसे खुशी खुशी स्वीकार कर लेती हूं, लेकिन इस केस में माफी मांगने का सवाल ही नहीं है। अगर मैंने माफी मांगी तो यह उस लड़ाई के खिलाफ होगा जो हम लड़ रहे हैं।'
'सीमाएं अलग हो का मतलब नफरत नहीं'
अभिनेत्री ने कहा, 'मैं पूरे सम्मान के साथ इस बयान से सहमत नहीं हूं कि पाकिस्तान नर्क है। पाकिस्तान नर्क नहीं है। वहां रहने वाले लोग भी हमारे जैसी ही हैं। नेता इस मुद्दे को तोड़-मरोड़ लोगों के बीच नफरत फैलाना चाहते हैं, लेकिन सीमाएं अलग होने की वजह से हमें दूसरों से नफरत नहीं करनी चाहिए।'

'मुझे बांग्लादेश और श्रीलंका से प्यार'
रम्या ने कहा कि संविधान में बोलने की आजादी दी गई है। यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम सच और शांति के पक्ष में बोलें। स्वतंत्रता का हनन करना लोकतंत्र में सरासर गलत है। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि मैं गलत हूं, मैं बांग्लादेश और श्रीलंका को भी प्यार करती हूं। लेकिन मैं अपना देश छोड़ने वाली नहीं हूं। यह मेरा घर है और मैं अपने कुत्तों को छोड़कर कहीं नहीं जाने वाली।'












Click it and Unblock the Notifications