अभिनेता अरमान कोहली के छोटे भाई का निधन, 40 साल से रख रहे थे बेटे की तरह ध्यान
नरेंद्र चंचल, राजीव कपूर, तारिक शाह और अभिनेत्री शशिकला के निधन के बाद अब एक और बुरी खबर आई है...
नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी के बीच जहां साल 2020 बॉलीवुड के लिए बेहद मनहूस साबित हुआ, वहीं 2021 में भी बॉलीवुड से बुरी खबरों का दौर जारी है। बीते तीन महीनों के भीतर नरेंद्र चंचल, राजीव कपूर, तारिक शाह और शशिकला जैसे कई दिग्गज कलाकार दुनिया को अलविदा कह चुके हैं। अब एक और बुरी खबर सामने आई है। दरअसल रिएलिटी शो बिग बॉस-7 फेम और जाने-माने अभिनेता अरमान कोहली के छोटे भाई रजनीश कोहली का निधन हो गया है। रजनीश कोहली दिग्गज फिल्म निर्माता और निर्देशक राजकुमार कोहली के छोटे बेटे थे।

हमेशा लाइमलाइट से दूर रहे रजनीश कोहली
मशहूर फैशन फोटोग्राफर विरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम पर रजनीश कोहली के निधन की खबर शेयर की है। बताया जा रहा है कि 44 वर्षीय रजनीश कोहली पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। आपको बता दें कि रजनीश कोहली हमेशा लाइमलाइट से दूर रहे और अरमान कोहली ने करीब 40 साल तक अपने बेटे की तरह उनकी देखभाल की।

व्हीलचेयर पर थे रजनीश कोहली
रजनीश कोहली लंबे समय से व्हीलचेयर पर थे और घर पर ही रहते थे। हालांकि अरमान कोहली ने अभी तक सोशल मीडिया पर अपने भाई के निधन को लेकर कोई जानकारी शेयर नहीं की है। रजनीश कोहली के पिता राजकुमार कोहली बॉलीवुड का एक बड़ा नाम हैं और नागिन, मुकाबला, जानी दुश्मन, नौकर बीवी का, राज तिलक, इन्तकाम, बीस साल बाद, विरोधी और कहर जैसी बड़ी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।

फिल्मों से नहीं रहा कभी कोई नाता
गौरतलब है राजकुमार कोहली और उनके बड़े बेटे अरमान कोहली जहां फिल्मी दुनिया से जुड़े रहे, वहीं छोटे बेटे रजनीश कोहली का फिल्मों से कभी कोई नाता नहीं रहा। बिग बॉस 7 के कंटेस्टेंट रहे अरमान कोहली ने प्रेम रतन धन पायो, जानी दुश्मन, कहर, औलाद के दुश्मन, जुआरी, विरोधी, अनाम और दुश्मन जमाना जैसी फिल्मों में काम किया है।

दिग्गज अभिनेत्री शशिकला ने कहा दुनिया को अलविदा
आपको बता दें कि बॉलीवुड को हाल ही में उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब बीते 4 अप्रैल को अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री शशिकला ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। 100 से भी ज्यादा फिल्मों में काम कर चुकीं शशिकला 88 साल की थीं। तीन बहुरानियां, आई मिलन की बेला, आरती, मुझसे शादी करोगी और कभी खुशी कभी गम जैसी हिट फिल्मों में काम कर चुकी शशिकला के भारतीय सिनेमा में योगदान को देखते हुए सरकार ने 2007 में उन्हें पद्मश्री सम्मान से भी नवाजा था।

कादर खान के बड़े बेटे का कनाडा में निधन
वहीं, इसी महीने की शुरुआत में दिग्गज अभिनेता कादर खान के सबसे बड़े बेटे अब्दुल कुद्दुस के निधन की खबर आई। अब्दुल कुद्दुस कनाडा में रहते थे और कादर खान की पहली पत्नी के बेटे थे। फिल्मों की चकाचौंध से दूर रहने वाले अब्दुल कुद्दुस कनाडा एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर नियुक्त थे। कादर खान ने एक बार एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि उन्होंने अपने बेटे अब्दुल के कारण ही फिल्मों में विलेन के किरदार निभाना बंद किया था।












Click it and Unblock the Notifications