टी-शर्ट में भारत जोड़ो यात्रा में राहुल संग जुड़े उमर, बोले- हमने कभी भी सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल नहीं उठाया
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो गए हैं। राहुल गांधी के साथ वह भी हाफ टी शर्ट में इस यात्रा में नजर आए।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो गए हैं। दोनों ही नेता हाफ टी शर्ट में भारत जोड़ो यात्रा में नजर आए। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का लक्ष्य राहुल गांधी की छवि को बेहतर करने के लिए नहीं की जा रही है बल्कि देश की स्थिति को बेहतर करने के लिए की जा रही है। उमर ने कहा कि हम इस यात्रा में किसी व्यक्ति विशेष की छवि के लिए बल्कि देश की छवि के लिए शामिल हुए हैं। राहुल गांधी ने यह यात्रा व्यक्तिगत वजह से शुरू नहीं की है बल्कि जिस तरह से देश के माहौल को सांप्रदायिक किया जा रहा है, अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है उसके लिए शुरू की गई है।
उमर ने कहा कि सरकार अरब देशों से मैत्रीपूर्ण संबंध बना रही है, लेकिन सच यह है कि इस सरकार में देश की सबसे बड़ी अल्पसंख्यक समुदाय का कोई प्रतिनिधि नहीं है। ऐसा शायद आजादी के बाद पहली बार हो रहा है कि सत्तारूढ़ दल में एक भी मुस्लिम सांसद नहीं है, ना तो लोकसभा और ना ही राज्यसभा। दोनों ही सदन में भाजपा का एक भी मुस्लिम सांसद नहीं है। यह इन लोगों का रवैया दिखाता है। आर्टिकल 370 को हटाए जाने को लेकर कांग्रेस के रूख पर उमर ने कहा कि इस मसले पर हम कोर्ट में लड़ेंगे। जिस तरह से सरकार कोर्ट में इस मामले की सुनवाई से पैर पीछे खींच रही है वह बिल्कुल गलत है।
सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर उमर अब्दुल्ला ने कहा कि कांग्रेस का इसपर क्या रुख है, यह उनका आंतरिक मामला है, मुझे इसपर कुछ नहीं कहना है। हमने कभी भी सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल नहीं किया और ना ही कभी करेंगे। बता दें कि कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल खड़ा किया, उन्होंने इसका वीडियो सबूत मांगा है। राशिद अल्वी ने कहा कि सरकार कहती है कि उसके पास सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियो सबूत है, ऐसे में इसमे क्या गलत है अगर दिग्विजय सिंह इसे दिखाने के लिए कह रहे हैं। हम सबूत नहीं मांग रहे हैं, बल्कि यह कह रहे हैं कि अगर सरकार कहती है कि उसके बाद इसका वीडियो है तो इसे दिखाए।
दरअसल दिग्विजय सिंह ने 23 जनवरी को कहा था कि सरकार दावा करती है कि उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक में कई लोगों को मार गिराया है, उनके पास इसका सबूत भी है। राशिद अल्वी ने कहा कि देश को अपने सुरक्षाकर्मियों पर भरोसा है , लेकिन भाजपा सरकार पर नहीं। हमे हमारी सेना पर भरोसा है, लेकिन सरकार पर नहीं। अल्वी ने कहा कि सुषमा स्वराज उस वक्त मंत्री थीं, उन्होंने कहा था कि एयर स्ट्राइक ऐसी जगह की गई थी जहां पर लोगों के मरने की संभावना बिल्कुल नहीं थी। अमित शाह कहते हैं कि 300 आतंकियों को एयर स्ट्राइक में मार गिराया गया है। यूपी के सीएम कहते हैं कि 400 आतंकियों को एयर स्ट्राइक में मार गिराया गया है।
इन तमाम बयानों का हवाला देते हुए राशिद अल्वी ने कहा कि आंकड़े अलग-अलग हैं लिहाजा सरकार को इसका वीडियो सबूत दिखाना चाहिए। यह गलत आंकड़े सवाल खड़े करते हैं कि आखिर किस हद तक सर्जिकल स्ट्राइक की गई है। यही वजह है कि सरकार अघर दावा करती है और कहती है कि उसके पास इसका वीडियो है तो उसे यह सार्वजनिक करना चाहिए। यही नहीं अल्वी ने कहा कि अगर सरकार के पास वीडियो नहीं है तो उसे माफी मांगनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications