ओडिशा: भाजपा ने 'भ्रष्टाचार' के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन का किया ऐलान
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई ने मंगलवार को सत्तारूढ़ बीजद सरकार पर कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।
भुवनेश्वर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने ऐलान किया कि पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी और 14 नवंबर से पांच दिनों तक राज्य भर के सभी ब्लॉक कार्यालयों का घेराव करेगी।

सामल ने कहा कि, राज्य की 23 साल पुरानी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। राज्य में अब कोई राजनीतिक व्यवस्था नहीं रही है। पिछले कुछ वर्षों में भ्रष्टाचार पंचायतों से लेकर जिलों तक फैल गया है और सरकारी कार्यों में 'कमीशन' की प्रथा को सामान्य बना दिया गया है। बिना कमीशन के कोई भी काम होने की संभावना नहीं है। गरीब लोगों की मेहनत की कमाई का दुरुपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि, हाल ही में क्योंझर में एक परिवार के 11 सदस्यों की पीने के पानी की कमी के कारण मौत हो गई। भले ही केंद्र सरकार ने मेगा जल आपूर्ति परियोजनाओं के लिए 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी है, लेकिन राज्य सरकार लोगों के दरवाजे पर पेयजल आपूर्ति करने में विफल रही है।
बीजेपी नेता ने कहा कि, हमारी पंचायत स्तरीय हड़ताल के दौरान शौचालय निर्माण और प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार जैसे कई तथ्य सामने आए। लोग हमारा समर्थन करने के लिए सामने आये हैं। उनके आक्रोश को देखते हुए हम 14 नवंबर से 18 नवंबर तक सभी ब्लॉकों का घेराव करेंगे। केंद्र सरकार ने पिछले नौ वर्षों में राज्य सरकार को 18.83 लाख करोड़ रुपये दिये हैं। राज्य सरकार चुनाव से पहले यह विवरण देने के लिए बाध्य है कि पैसा कैसे खर्च किया गया है?
बीजेपी के आरोपों पर बीजेडी विधायक अमर सत्पथी ने कहा, उन्हें (बीजेपी को) आंदोलन शुरू करने से कोई नहीं रोक रहा है। वे खुद को पंचायतों में प्रासंगिक बनाए रखने के लिए ऐसा कर रहे हैं। वे यहां मीडिया में अपना विज्ञापन करने आए हैं। वे लोगों के साथ नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications