चुनाव प्रचार में बराक ओबामा की यात्रा को भुनायेगी भाजपा
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला) क्या अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की आगामी भारत यात्रा से दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा के हक में हवा बहने लगेगी? जानकार मानते हैं कि ओबामा की यात्रा भाजपा को लाभ देगी।

प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के दूसरे नेता ओबामा की यात्रा को बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश करेंगे। भाजपा के एक नेता संजय जैन ने कहा कि ओबामा भारत की ताकत को समझते हैं। इसलिए वे भारत आ रहे हैं। हम उनकी यात्रा को अपने पक्ष में भुनाएँगे।
चढेगा परवान
वास्तव में तीन दिन के ओबामा के दौरे के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल्ली में चुनावी प्रचार परवान पकड़ेगा। वरिष्ठ पत्रकार राजकिशोर कहते हैं कि दिल्ली चुनाव की कैंपेन में ओबामा फोकस में रहेंगे। उनकी यात्रा माहौल में सरगर्मी पैदा करने का सरकार को ईंधन तो मुहैया करा ही देगी। वहीं ओबामा की डेमोक्रेटिक पार्टी को भी अगले साल अमेरिका में चुनाव का सामना करना है। धीरे-धीरे मंदी से उबर रही अमेरिकी अर्थव्यवस्था को भारत के बाजार से भी टॉनिक मिलना है। जाहिर है कि तुम हमें पंत कहो, हम तुम्हें निराला की इस जुगलबंदी के पीछे सियासी हित भी हैं।
वक्त-वक्त खेल
दरअसल वक्त-वक्त की बात है। पहले अमेरिका के लिए नरेंद्र मोदी उसके मुल्क में जाने के पात्र भी नहीं थे।जीत मिलते ही अमेरिका ने अपनी तरफ से ही उन्हें आमंत्रण दे दिया। सीएम रहते हुए मना किए गए पीएम मोदी अमेरिका गए।
वहां मैडिसन स्क्वायर से ऐसा समां बांधा कि महाराष्ट्र और हरियाणा की सत्ता पलटा दी। दोनों राज्यों में भाजपा विजय के लिए मेडिसन स्क्वायर को भी खासा जिम्मेदार माना गया। अब दो राज्यों के बाद दिल्ली में फिर अमेरिकी फैक्टर दोहराने की जमीन तैयार हो रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा राजपथ में भारतीय ताकत का मुआयना करने मोदी के आमंत्रण पर पहुंच रहे हैं।
यह पहली बार होगा कि अमेरिकी राष्ट्रपति दो घंटे तक खुले आसमान के नीचे ऐसे बैठेंगे।वैसे तो मोदी और भाजपा के लिए जनता को गर्वित कर उसकी तालियां लेने के लिए यह भावनात्मक भाव ही काफी है। मगर भाजपा के प्रबंधक भी समझ रहे हैं कि अंततः नतीजों के लिए आर्थिक कारक ही उत्तरदायी होते हैं। लिहाजा कुछ बड़ी घोषणाएं और फैसले भी पिटारे से निकाले जाएंगे। जानकार कहते हैं कि दिल्ली की पढ़ी-लिखी जनता के लिए ओबामा की यात्रा अहम है। वह इस आधार पर भाजपा का साथ दे सकती है।












Click it and Unblock the Notifications