मोदी जी अपने चमचों को समझा लीजिए मैं डरता नहीं आपसे: राहुल गांधी
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और आरएसएस को आड़े हाथों लेते हुए जमकर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कहा है कि जब से वह पैदा हुए हैं तब से आरएसएस के लोग उनपर कीचड़ उछाल रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जयंती के मौके पर राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी अपने चमचों पर लगाम लगाएं।

पीएम मोदी पर जबरदस्त हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ''मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, लेकिन उन्होंने मेरे ऊपर हर तरह के आरोन लगाए हैं। मैं कहता हूं कि सरकार आपकी है, सारी जांच एजेंसियां आपके दायरे में हैं छह महीने के अंदर जांच करवा लीजिए और मुझे जेल में डाल दीजिए।
राहुल गांधी का हमलावर तेवर यहीं नहीं थमा उन्होंने कहा कि या तो जांच करवा लीजिए या फिर अपनी चमचों को मना करिए कि बिना वजह मुझ पर कीचड़ ना उछालें। राहुल ने कहा, 'मैं डरता नहीं हूं। मैं रुकूंगा नहीं। किसानों और गरीबों से जुड़े मुद्दे उठाकर सरकार के झूठ सामने लाता रहूंगा।' उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि सामने आइए और अपना 56 इंच का सीना दिखाइए।
आपको बताते चलें कि भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को कमीशन एजेंट बताते हुए दावा किया था कि दोनों के पास कुल ढाई लाख करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसी बयान के बाद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है।












Click it and Unblock the Notifications